देश की खबरें | हिमाचल में कांग्रेस मजबूत स्थिति में: बघेल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है।
रायपुर, आठ अगस्त छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है।
बघेल ने सोमवार शाम हिमाचल प्रदेश से लौटने के बाद रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संवाददाताओं को संबोधित किया।
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए बघेल ने कहा कि रविवार और सोमवार को राज्य में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बैठक हुई है।
एक सवाल के जवाब में बघेल ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी मजबूत स्थिति में है। वहां की सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है। कल और आज पार्टी के नेताओं के साथ बैठक हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वहां (कांग्रेस के पक्ष में) बहुत अच्छा माहौल है, सब एकजुट होकर लड़ेंगे तब निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी।’’
हिमाचल प्रदेश का दौरा करने से पहले, बघेल रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)