देश की खबरें | कांग्रेस आत्मविश्वास से भरे और आत्मनिर्भर भारत से नफरत करती है: भाजपा

नयी दिल्ली, 12 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फॉक्सकॉन के वेदांता के साथ एक सेमीकंडक्टर संयुक्त उद्यम से हटने पर तंज कसने को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी पार्टी आत्मविश्वास से भरे और आत्मनिर्भर भारत से नफरत करती है।

भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि दोनों कंपनियों के बीच ‘विभाजन’ से भारत के सेमीकंडक्टर कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘जश्न’ मना रही है, क्योंकि वह भारत की किसी भी नई पहल को रोकने का सक्रिय प्रयास करती है और चाहती है कि सेमीकंडक्टर विनिर्माण में भारत के महत्वाकांक्षी प्रवेश में देरी हो।

ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता कंपनी ने सोमवार को खनन कारोबारी अनिल अग्रवाल की वेदांता लिमिटेड के साथ 19.5 अरब डॉलर के सेमीकंडक्टर संयुक्त उद्यम से हटने की घोषणा की थी।

इसके बाद कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात मॉडल हो या न्यू इंडिया, गढ़ी हुई सुर्खियों पर कभी भरोसा नहीं करना।’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्विटर पर कहा था, ‘‘परियोजना की घोषणा के समय प्रचार को याद कीजिए? गुजरात के मुख्यमंत्री ने यहां तक दावा किया कि एक लाख नौकरियां पैदा की जाएंगी! साल दर साल वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलनों में हस्ताक्षरित कई समझौता ज्ञापनों का यही हश्र रहा है और उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशक सम्मेलन जैसे ऐसे अन्य शिखर सम्मेलनों में भी यही होगा।’’

हालांकि, मालवीय ने कहा कि इस घटनाक्रम का मतलब यह नहीं है कि वेदांता और फॉक्सकॉन भारत के सेमीकंडक्टर मिशन में भाग लेने की अपनी प्रतिबद्धता से पीछे हट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि फॉक्सकॉन और वेदांता दोनों ने स्वतंत्र रूप से भारत के सेमीकंडक्टर कार्यक्रम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की घोषणा की है।

मालवीय ने कहा, ‘‘फॉक्सकॉन ने घोषणा की है कि वे सिलिकॉन फैब और डिस्प्ले फैब के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहे हैं। इसी तरह, वेदांता ने भी नए भागीदारों के साथ फिर से आवेदन करने की प्रतिबद्धता जताई है।’’

उन्होंने कहा कि इसके अलावा अन्य प्रमुख सेमीकंडक्टर कंपनियां भारत का सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण केंद्र के रूप में गंभीरता से मूल्यांकन कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कांग्रेस के लिए बुरी खबर है, जो भारत की किसी भी नई पहल को विफल करने का सक्रिय प्रयास करती है। अब वह चिंतित है कि सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्र के रूप में भारत का उदय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एक विश्वसनीय खिलाड़ी के रूप में दुनिया में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस आत्मविश्वास से भरे और आत्मनिर्भर भारत से नफरत करती है।’’

फॉक्सकॉन के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्रवाल की वेदांता लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि वह अपनी सेमीकंडक्टर फैब परियोजना के लिए ‘पूरी तरह प्रतिबद्ध’ है और उसने भारत की पहली फाउंड्री स्थापित करने के लिए अन्य भागीदारों को तैयार किया है।

हालांकि, कंपनी ने नए भागीदारों के बारे में जानकारी नहीं दी।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)