देश की खबरें | कांग्रेस ‘फर्जी खबरों की फैक्टरी’ बन गई है : भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि विपक्षी पार्टी ‘‘फर्जी खबरों की फैक्टरी’’ बन गयी है।

नयी दिल्ली, 14 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि विपक्षी पार्टी ‘‘फर्जी खबरों की फैक्टरी’’ बन गयी है।

सत्तारूढ़ दल ने कांग्रेस पर ऐसे वक्त निशाना साधा है जब विपक्षी दल ने गाजा में संघर्ष विराम के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा में पेश प्रस्ताव पर मतदान से भारत के दूर रहने को लेकर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोला था।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर ‘‘अधूरा सच ’’ बताने का आरोप लगाया और कहा कि भारत का मतदान में अनुपस्थित रहना कोई रुख में बदलाव नहीं है, बल्कि ‘‘पिछले मत’’ की निरंतरता है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कथित दस्तावेज का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘कांग्रेस को नाटकीय आक्रोश दिखाने से पहले, 12 जून को संयुक्त राष्ट्र में भारत के आधिकारिक वोट के स्पष्टीकरण को पढ़ने के लिए कुछ समय निकालना चाहिए।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस और उसका बौद्धिक रूप से बेईमान पारिस्थितिकी तंत्र फर्जी खबरों की फैक्टरी बनकर रह गया है।’’

संयुक्त राष्ट्र की 193 सदस्यीय महासभा ने स्पेन द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को भारी बहुमत से पारित कर दिया, जिसमें तत्काल, बिना शर्त और स्थायी युद्धविराम की मांग की गई है। भारत उन 19 देशों में शामिल था जिन्होंने मतदान में भाग नहीं लिया, जबकि 12 देशों ने प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया, जबकि पक्ष में 149 मत पड़े।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अब यह स्पष्ट होता जा रहा है कि हमारी विदेश नीति चरमरा गई है। शायद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अब अपनी विदेश मंत्री की बार-बार की गई गलतियों पर फैसला लेना चाहिए और कुछ जवाबदेही तय करनी चाहिए।’’

उन्होंने सवाल किया कि क्या पश्चिम एशिया में युद्धविराम, शांति और बातचीत की वकालत करने वाले भारत के लगातार रुख को छोड़ दिया गया है?

कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत हमेशा शांति, न्याय और मानवीय सम्मान के लिए खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय को स्पष्ट करना चाहिए कि पिछले छह महीनों में ऐसा क्या बदलाव आया जिसके कारण भारत ने युद्धविराम का समर्थन करना बंद कर दिया?

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने संयुक्त राष्ट्र में भारत के रुख पर निराशा व्यक्त करते हुए इसे देश की उपनिवेशवाद विरोधी विरासत के विपरीत कदम बताया।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर ‘‘अधूरा सच’’ बताने का आरोप लगाया और ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारा मतदान से दूर रहना कोई रुख में बदलाव नहीं है, बल्कि पिछले मतदानों (ए/आरईएस/77/247 और ए/आरईएस/79/232) की निरंतरता है, जो संवाद और कूटनीति में हमारे अटूट विश्वास पर आधारित है, जो आगे बढ़ने का एकमात्र स्थायी रास्ता है।’’

उन्होंने कहा कि भारत ने गाजा में नागरिकों की जान जाने तथा गहराते मानवीय संकट की स्पष्ट रूप से निंदा की है तथा नागरिकों की सुरक्षा, मानवीय पहुंच तथा शेष बंधकों की रिहाई का आह्वान किया है।

भंडारी ने कहा कि भारत ने बातचीत के माध्यम से ‘‘दो राष्ट्र समाधान’’ के लिए समर्थन को दोहराया है, जिसमें फलस्तीन तथा इजराइल सुरक्षित, मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर शांतिपूर्वक सह-अस्तित्व में रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने द्विपक्षीय स्तर पर और संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से गाजा को लगातार मानवीय सहायता प्रदान की है।’’

भाजपा ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश की भी आलोचना की तथा उन पर ‘‘गलत जानकारी फैलाने’’ तथा भारत की विदेश नीति पर ‘‘आक्षेप लगाने’’ का आरोप लगाया।

भाजपा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी निरंतर द्वेष से प्रेरित होकर जयराम रमेश ने गैर-जिम्मेदाराना तरीके से झूठे दावों को बढ़ावा दिया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को अमेरिकी परेड में आमंत्रित किया गया था।’’ उन्होंने मुनीर को अमेरिकी निमंत्रण के बारे में मीडिया की खबर को फर्जी खबर बताया।

मालवीय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पर हमला करने की व्यग्रता में रमेश ने न केवल गलत सूचना फैलाई, बल्कि भारत की विदेश नीति पर भी संदेह व्यक्त किया, जो प्रभावी रूप से पाकिस्तान के हितों को पूरा करने वाले विमर्शों को प्रतिध्वनित कर रहा है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस कब तक भारत की कूटनीतिक विश्वसनीयता के खिलाफ काम करती रहेगी? अब समय आ गया है कि वे ओछी राजनीति के बजाय राष्ट्र को चुनें।’’

मुनीर को अमेरिकी सेना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए जाने संबंधी खबरों पर टिप्पणी करते हुए रमेश ने 11 जून को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसे भारत के लिए एक और बड़ा कूटनीतिक झटका बताया था।

आशीष धीरज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

KKR vs MI, IPL 2026 65th Match Scorecard: ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से रौंदा, मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

GT vs CSK, IPL 2026 66th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

KKR vs MI, IPL 2026 65th Match Scorecard: ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने रखा 148 रनों का टारगेट, कॉर्बिन बॉश ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

IPL Playoff Scenario 2026: मुंबई इंडियंस तय करेगी पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की किस्मत, राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो की स्थिति बरकरार