देश की खबरें | कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को राज्य विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने की मांग करते हुए कहा कि लोगों को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा सदन में उठाए गए मुद्दों के बारे में जानने का अधिकार है।

गांधीनगर, तीन मार्च गुजरात में विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को राज्य विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने की मांग करते हुए कहा कि लोगों को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा सदन में उठाए गए मुद्दों के बारे में जानने का अधिकार है।

कांग्रेस ने हाल की एक घटना का हवाला दिया जिसमें गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने सदन की कार्यवाही की एक छोटी वीडियो क्लिप अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड की थी। इसके बाद कांग्रेस ने सभी विधायकों के लिए इसी तरह के विशेषाधिकार की मांग की।

प्रश्नकाल के बाद, कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार और विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी से विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण शुरू करने का आग्रह किया।

सीधे प्रसारण के बारे में कोई निश्चित आश्वासन दिए बिना विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह अगले सप्ताह विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के दौरान सभी पार्टी प्रतिनिधियों के साथ वीडियो क्लिप के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मंत्री हर्ष सांघवी की ओर से उस क्लिप के लिए अनुरोध किया गया था। चूंकि सरकार को लगा कि क्लिप में उठाया गया मुद्दा महत्वपूर्ण है और लोगों को इसे देखना चाहिए, इसलिए मैंने इसकी अनुमति दे दी। लेकिन केवल वही क्लिप दी गई। हम इस मुद्दे पर अगले सप्ताह कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में चर्चा करेंगे।’’

इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

चावड़ा ने चौधरी को पत्र लिखकर सदन की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने और बिना किसी भेदभाव के सभी विधायकों को वीडियो क्लिप उपलब्ध कराने की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\