देश की खबरें | कांग्रेस, भाजपा की बी-टीम, केजरीवाल की कमान में पार्टी है विकल्प: आप

नयी दिल्ली, 11 जुलाई कांग्रेस की गोवा इकाई में मची राजनीतिक उथल-पुथल के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को अपील की कि जनता को देश में आप को एक विकल्प बनाने पर विचार करना चाहिए। इसने सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर भाजपा की "बी-टीम" होने का आरोप भी लगाया।

कांग्रेस के गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव द्वारा रविवार को किए गए इस दावे पर कि उनकी पार्टी के दो विधायक राज्य में भाजपा के इशारे पर पार्टी को विभाजित करने की कोशिश में लगे हुए थे, आप ने आरोप लगाया कि अब यह साबित हो गया है कि कांग्रेस के पक्ष में गया हर एक वोट अंततः भाजपा के लिए उपयोगी हो जाता है।

आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कांग्रेस की गोवा इकाई में राजनीतिक उथल-पुथल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक वीडियो संदेश में कहा, "इससे एक बार फिर यह नारा साबित हुआ है - भाजपा के साथ कांग्रेस का हाथ- सच है।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक गोवा में 2017 में भी विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।

सिंह ने कहा, "यह पहली बार नहीं हो रहा है। जहां भी कांग्रेस जीतती है (चुनाव में), लोगों का वोट और उसके पक्ष में समर्थन अंततः भाजपा को मजबूत करने में इस्तेमाल किया जाता है। गुजरात में 62 कांग्रेस नेता भाजपा में चले गए हैं।"

उन्होंने आरोप लगाया, "कांग्रेस वास्तव में देश भर में भाजपा की बी-टीम बन गई है।"

आप के सांसद ने कहा, ‘‘कांग्रेस का हाथ भाजपा के साथ है। एक स्वच्छ विकल्प के रूप में केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के बारे में सोचें जो आपके सामने है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)