देश की खबरें | कांग्रेस ने गृह मंत्री शाह से जम्मू-कश्मीर में निर्वाचित सरकार को दरकिनार नहीं किये जाने की अपील की

श्रीनगर, पांच अप्रैल कांग्रेस ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जम्मू-कश्मीर में निर्वाचित सरकार को दरकिनार नहीं करने और केंद्र शासित प्रदेश में किसी भी पहल के लिए जनता द्वारा निर्वाचित सरकार को शामिल करने की अपील की।

कांग्रेस की यह अपील निर्वाचित सरकार और राजभवन के बीच शक्तियों को लेकर विवाद के बीच आई है।

विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक निजामुद्दीन भट ने यहां संवाददाताओं से कहा, “जम्मू-कश्मीर में सरकार ने भारी जनादेश हासिल किया है, जो लोकतंत्र और देश के लिए गर्व की बात है। हम उनसे अनुरोध करते हैं कि राज्य सरकार को दरकिनार करके कुछ भी नहीं किया जाना चाहिए।’’

शाह, रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे।

बांदीपोरा से विधायक भट ने कहा कि केंद्र या राजभवन अपने अधिकारों के तहत शक्तियों का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए निर्वाचित सरकार को भी साथ में लेना होगा।

भट ने कहा, “वे (केंद्र सरकार) कानून के अनुसार जो कर सकते हैं, उन्हें करने दें। जो भी उनका अधिकार है, उस पर उन्हें किसी सलाह की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर राज्य में कोई पहल होती है या कोई कार्रवाई या समीक्षा होती है, तो उसमें उन्हें राज्य सरकार को साथ में लेना होगा।’’

उन्होंने कहा, "यह एक संवैधानिक आदेश है, एक संवैधानिक विशेषाधिकार है और नैतिक तथा राजनीतिक रूप से उचित भी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)