चेन्नई, 11 सितंबर मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने सोमवार को कहा कि वह अपने दर्शकों की शिकायतों का जवाब देंगे जिन्होंने बताया था कि 10 सितंबर को यहां आयोजित उनके संगीत कार्यक्रम के "कुप्रबंधन" के कारण उन्हें परेशानी हुई। रहमान ने टिकट के पैसे लौटाए जाने के संकेत भी दिए।
संगीतकार ने उनके रविवार शाम को आयोजित संगीत कार्यक्रम में कथित तौर पर कुप्रबंधन को लेकर विवाद खड़े होने के बाद सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपना बयान पोस्ट किया। इस कार्यक्रम में दर्शकों को परेशानी उठानी पड़ी थी।
ऑस्कर पुरस्कार विजेता रहमान के इस संगीत कार्यक्रम का आयोजन ईस्ट कोस्ट रोड(ईसीआर) पर 10 सितंबर को हुआ था जिसका नाम 'माराक्कुमा नेनजाम' था जिसका अर्थ है 'क्या दिल भूल सकता है'।
तांबरम शहर के पुलिस आयुक्त ए अमलराज ने कहा कि उपस्थित लोगों की अपेक्षित संख्या से लगभग 15,000 अधिक लोग आयोजन स्थल पर एकत्र हो गए थे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजकों से इस संदर्भ में पूछताछ की जाएगी।
सोशल मीडिया मंच पर लोगों ने कई पोस्ट में ईस्ट कोस्ट रोड (ईसीआर) पर वाहनों की भीड़ के चलते कार्यक्रम स्थल तक न पहुंच पाने की शिकायत की। इस मार्ग पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के काफिले को भी परेशानी हुई।
सोशल मीडिया पोस्ट में साझा किया गया कि रविवार शाम को कार्यक्रम के प्रबंधन को लेकर आलोचना की गई। इनमें यातायात बाधित होने, भारी रकम खर्च करने के बावजूद लोगों को कार्यक्रम में प्रवेश न मिल पाने, रोते-बिलखते बच्चे और दर्शकों के धक्का-मुक्की करते दृश्य सामने आए।
ऑनलाइन शिकायतों के बाद रहमान ने इस मुद्दे के समाधान का प्रयास किया।
रहमान ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ''प्यारे चेन्नई वासियों, जिन्होंने भी कार्यक्रम के लिए टिकट खरीदी, लेकिन किसी कारणवश अंदर नहीं जा पाए, वह अपनी शिकायतों के साथ अपनी टिकट की प्रति एआरआर4चेन्नई एटदरेट बीटीओएस डॉट इन पर साझा करें। हमारी टीम जल्द से जल्द जवाब देगी।''
कार्यक्रम के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार एसीटीसी इवेंट्स ने भी सोशल मीडिया मंच पर प्रतिक्रिया दी।
इसने कहा, ''चेन्नई और दिग्गज ए आर रहमान सर का धन्यवाद। अविश्वसनीय प्रतिक्रिया और बहुत सारे दर्शकों के प्यार ने हमारे कार्यक्रम को सफल बनाया। अत्यधिक भीड़ के कारण जो लोग इसमें शामिल नहीं हो सके उनसे हम माफी मांगते हैं। हम इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। हम आपके साथ हैं।''
संगीत प्रेमियों ने निराशा के साथ अपने अनुभव साझा किए।
एक निराश महिला ने बताया कि लोगों ने 'अत्यधिक भीड़' की शिकायत की और कार्यक्रम में 'बदइंतजामी' थी। यह पूरी तरह से पैसों की बर्बादी था।
संगीत प्रेमी एक महिला ने शिकायत की कि उसने अपने परिवार के साथ कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए 30,000 रुपये खर्च किए। उसने बच्चों के साथ धक्का-मुक्की किये जाने का आरोप लगाया।
तांबरम के पुलिस आयुक्त अमलराज ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि कार्यक्रम की तैयारी बीते एक सप्ताह से चल रही थी। उम्मीद से अधिक भीड़ थी क्योंकि 25,000 कुर्सियां लगाई गई थीं लेकिन 35,000 से 40,000 लोग आ पहुंचे।
इस मामले में पूछताछ जारी है कि कैसे लोगों की संख्या इतनी बढ़ गई, यहां तक की पुलिस को लोगों को कार्यक्रम स्थल तक जाने से रोकना पड़ा।
आयुक्त ने कहा,'' पुलिस की उपस्थिति के चलते ही कानून और व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई और ना ही कोई अप्रिय घटना घटी।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY