देश की खबरें | सांप्रदायिक तनाव : जम्मू-कश्मीर में कहीं कर्फ्यू तो कहीं इंटरनेट सेवाएं बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उत्पन्न तनाव के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया, जबकि कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद जैसी स्थिति रही। वहीं, भद्रवाह तथा किश्तवाड़ शहरों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी शुक्रवार को दी।

जम्मू/श्रीनगर, 10 जून पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उत्पन्न तनाव के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया, जबकि कश्मीर के कुछ हिस्सों में बंद जैसी स्थिति रही। वहीं, भद्रवाह तथा किश्तवाड़ शहरों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी शुक्रवार को दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विवादित बयान देने वाले अपने दोनों नेताओं को निलंबित कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों और घाटी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

डाउनटाउन श्रीनगर में शुक्रवार को सार्वजनिक वाहन सड़कों से नदारद रहे। हालांकि, लाल चौक, बटमालू और आसपास के इलाकों में कार्यालय तथा स्कूल खुले होने के कारण सड़कों पर अन्य वाहन नजर आए।

अधिकारियों ने किसी भी तरह की अफवाह फैलने से रोकने के लिए कुछ क्षेत्रों में एहतियातन मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घाटी में फिलहाल किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।

केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जितेंद्र सिंह ने बुजुर्गों और समुदाय के प्रमुखों से इस मुद्दे को सुलझाने तथा सद्भाव बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित भड़काऊ भाषणबाजी से बृहस्पतिवार शाम भद्रवाह इलाके में तनाव फैल गया था।

भड़काऊ भाषणों के कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लोगों को आगाह किया है कि कानून अपने हाथ में न लें।

जम्मू क्षेत्र के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘स्थिति अभी शांतिपूर्ण है। हालांकि, एहतियाती तौर पर डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कर्फ्यू लगाया गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\