देश की खबरें | कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी: विजय शाह को मंत्री पद से हटाने के लिए याचिका दायर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह को हटाने का अनुरोध करते हुए उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर की गई है।
नयी दिल्ली, 23 जुलाई भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह को हटाने का अनुरोध करते हुए उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर की गई है।
कांग्रेस नेता जया ठाकुर द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि विजय शाह के बयान से अलगाववादी भावनाएं भड़कने और देश की एकता को खतरा है।
याचिका में कहा गया है, ‘‘मंत्री का यह बयान कि कर्नल सोफिया कुरैशी उस आतंकवादी की बहन हैं जिसने पहलगाम में हमला किया था, यह किसी भी मुस्लिम व्यक्ति पर आरोप लगाकर उसमें अलगाववादी भावनाओं को बढ़ावा देता है, जिससे भारत की संप्रभुता या एकता और अखंडता को खतरा है। यह टिप्पणी सीधे तौर पर भारत के संविधान की अनुसूची तीन के तहत ली गई शपथ का उल्लंघन है।’’
शीर्ष अदालत ने 28 मई को विजय शाह की टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में कार्यवाही को बंद करने का आदेश देते हुए कहा कि वह इस मामले पर गौर करेगी।
शीर्ष अदालत ने अपने पूर्व के आदेश के अनुपालन में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से वस्तु स्थिति रिपोर्ट मांगी है।
शीर्ष अदालत ने 19 मई को, विजय शाह को फटकार लगाई और उनके खिलाफ दर्ज मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया।
विजय शाह उस समय आलोचनाओं के घेरे में आ गए जब एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिसमें उन्हें कर्नल कुरैशी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए देखा गया था। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रेस वार्ता के दौरान कर्नल कुरैशी और एक अन्य महिला अधिकारी विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने देश को जानकारी दी थी।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने विजय शाह को कर्नल कुरैशी के खिलाफ ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने और अशोभनीय का इस्तेमाल करने के लिए फटकार लगाई, और पुलिस को द्वेष और नफरत को बढ़ावा देने के आरोप में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)