जरुरी जानकारी | अप्रैल-दिसंबर के दौरान कोयला आयात 8.4 प्रतिशत घटा, 42,315 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत

नयी दिल्ली, 11 मार्च देश में कोयला आयात चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर के दौरान 8.4 प्रतिशत घटकर 18.34 करोड़ टन रहा है। इससे लगभग 42,315 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है।

पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में देश का कोयला आयात 20.02 करोड़ टन था।

कोयला मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘कोयला आयात चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर के दौरान 8.4 प्रतिशत घटकर 18.34 करोड़ टन रहा है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 20.02 करोड़ टन था। इस कमी के परिणामस्वरूप लगभग 5.43 अरब डॉलर (42,315 करोड़ रुपये) की विदेशी मुद्रा की बचत हुई।’’

बिजली क्षेत्र को छोड़कर गैर-विनियमित क्षेत्र में अधिक गिरावट देखी गई। इसमें आयात में सालाना आधार पर 12.01 प्रतिशत की गिरावट आई।

हालांकि, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर के दौरान कोयला आधारित बिजली घरों में उत्पादन में 3.53 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूसरी तरफ, ताप बिजलीघरों में मिश्रण के लिए आयात में 29.8 प्रतिशत की कमी आई।

सरकार ने घरेलू कोयला उत्पादन बढ़ाने और आयात कम करने के लिए वाणिज्यिक कोयला खनन और मिशन कोकिंग कोल सहित कई उपायों को लागू किया है।

इन प्रयासों से अप्रैल-दिसंबर की अवधि के दौरान कोयला उत्पादन में सालाना आधार पर 6.11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)