देश की खबरें | सीआईडी ने श्मशान से रूसी नागरिकों के जले अवशेष जब्त किये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने एक सांसद समेत दो रूसी नागरिकों की मौत की जांच के तहत शनिवार को रायगढ़ में श्मशान घाट से दोनों के जले हुए अवशेष जब्त कर लिये।
भुवनेश्वर, 31 दिसंबर ओडिशा पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने एक सांसद समेत दो रूसी नागरिकों की मौत की जांच के तहत शनिवार को रायगढ़ में श्मशान घाट से दोनों के जले हुए अवशेष जब्त कर लिये।
सीआईडी व्लादिमीर बाइडेनोव (61) और सांसद पावेल एंटोव (65) की मौत की जांच कर रही है। उसने इन दोनों के दो साथी पर्यटकों के बयान भी दर्ज किये ।
जांच में शामिल एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मृतकों के जले हुए अवशेष इस मामले में आगे की जांच में उपयोगी हो सकते हैं।’’
उन्होंने कहा कि ओडिशा की प्रतिष्ठित जांच एजेंसी (सीआईडी) इंटरपोल की भी मदद लेने की योजना बना रही है क्योंकि जांच में रूस में कुछ खास लोगों से पूछताछ की जरूरत पड़ सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने इस संबंध में अब तक अंतिम निर्णय नहीं लिया है।’’
सीआईडी ने एक बयान में कहा, ‘‘दुभाषिये और टूरिस्ट गाइड जितेंद्र सिंह की मदद से साथी दंपति तुरोव मिखाइन और पाने सेंको नतालिया का बयान रिकार्ड किया गया और पूरी प्रक्रिया की ऑडियो-वीडियो रिकार्डिंग की गयी।’’
एंटोव की 24 दिसंबर को होटल की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी यात्री व्लादिमीर बाइडेनोव 22 दिसंबर को होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए थे। स्थानीय पुलिस ने मृतकों के परिवार के सदस्यों और कोलकाता के रूसी वाणिज्य दूतावास की इजाजत के बाद उनके शवों का अंतिम संस्कार कर दिया था।
पुलिस ने बाइडेनोव का विसरा सुरक्षित रखा था लेकिन एंटोव के मामले में ऐसा नहीं किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि सीआईडी की टीम ने होटल के उन कमरों की भी सघन तलाशी जी जहां ये दोनों ठहरे हुए थे। उन्होंने बताया कि इन कमरों से कुछ सामान भी जब्त किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि जांच एजेंसी ने उन आंगुतकों की सूची भी ली है जो 21-28 दिसंबर के दौरान रायगढ़ में इस होटल में आये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)