देश की खबरें | स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह के बीच चीनी मांझे का खतरा बरकरार

नयी दिल्ली, 13 अगस्त आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारियों के बीच पुरानी दिल्ली में पतंग बेचने वाले बाजार में तेजी से कारोबार हो रहा है लेकिन पुलिस और गैर सरकारी संगठन खतरनाक चीनी मांझा की बिक्री को रोकने के लिए सतर्क हैं जिससे इस साल कई लोग घायल हुए हैं तथा कुछ लोगों की जान गई है।

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के बीच लोगों के उत्साह के साथ, आसमान धीरे-धीरे रंगीन पतंगों से भर रहा है। लेकिन, बड़ी और छोटी डिजाइनर पतंगों की धारदार डोर कभी-कभी सड़कों पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से हादसों का कारण बन जाती हैं। कांच के लेप वाले मांझे की बिक्री या भंडारण दिल्ली में प्रतिबंधित है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में 34 वर्षीय एक व्यक्ति की चीनी मांझा से गला कटने के कारण मौत हो गई, जब वह रक्षा बंधन मनाने जा रहा था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुरानी दिल्ली के लाल कुआं इलाके में सड़कों पर हर तरफ तिरंगा लगे हैं, वहीं पतंग बेचने वाली दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। शनिवार को कई ग्राहक इस बाजार में बड़ी-बड़ी पतंगों और मांझा लेकर जाते दिखे। इस बीच, एक एनजीओ ने पुलिस टीम के साथ लाल कुआं में कुछ दुकानों का औचक निरीक्षण किया और मांझे जब्त किए जिन्हें बाद में स्थानीय हौज कौज़ी पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

चीनी मांझा जमीन पर इंसानों और आसमान में पक्षियों के लिए खतरा है। निरीक्षण के दौरान पेटा (पीपल फॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स) के सदस्यों के साथ गए एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘15 अगस्त पास आने के साथ पतंगबाजी बढ़ जाती है और इसी तरह चीनी मांझा से किसी के जख्मी होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए, हम प्रतिबंधित धागे की किसी भी बिक्री या भंडारण की जांच के लिए पिछले दो सप्ताह से चक्कर लगा रहे हैं।’’

सरकार की तरफ से कई पोस्टर बाजार क्षेत्र में लगाए गए हैं, जिसमें उल्लेख किया गया है कि पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाले चीनी मांझा की बिक्री और उपयोग गैर कानूनी है।

मोहम्मद रफी की दुकान का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने पीटीआई- से कहा, ‘‘हम चीनी मांझा नहीं रखते हैं। हमारे धागे के उत्पाद बरेली में बनते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)