विदेश की खबरें | चीनी तटरक्षक बल ने विवादित दक्षिण चीन सागर में जहाजों को रोका : फिलीपीन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. मनीला, पांच मार्च (एपी) चीन के तटरक्षक बल के जहाजों ने मंगलवार को विवादित दक्षिण चीन सागर के तट पर फिलीपीन के जहाजों को रोका जिससे मामूली भिड़ंत हो गयी।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

मनीला, पांच मार्च (एपी) चीन के तटरक्षक बल के जहाजों ने मंगलवार को विवादित दक्षिण चीन सागर के तट पर फिलीपीन के जहाजों को रोका जिससे मामूली भिड़ंत हो गयी।

फिलीपीन तटरक्षक बल के प्रवक्ता कोमोडोर जय तैरिएला ने बताया कि चीन के जहाजों ने फिलीपीन के दो जहाजों के खिलाफ खतरनाक गतिविधियों को अंजाम दिया जिससे फिलीपीन तटरक्षक के एक जहाज और चीनी तटरक्षक बल के एक जहाज के बीच टक्कर हो गयी।

फिलीपीन के जहाज को मामूली नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस संबंध में और जानकारी उपलब्ध नहीं है।

तैरिएला ने यह नहीं बताया कि यह टक्कर किस स्थान पर हुई लेकिन इससे पहले सेना ने कहा था कि नौसैन्य कर्मी फिलीपीन के नियंत्रण वाले ‘सेकंड थॉमस शोल’ पर सामान और सैन्य कर्मियों को भेजेंगे।

फिलीपीन सेना के अनुसार, फिलीपीन तटरक्षक बल के जहाज दो असैन्य आपूर्ति नौकाओं पर तैनात नौसैन्य कर्मियों की रक्षा कर रहे थे।

तैरिएला ने बताया, ‘‘पूरे अभियान के दौरान फिलीपीन तटरक्षक बल के जहाजों को खतरनाक गतिविधियों का सामना करना पड़ा और चीन तटरक्षक बल के जहाजों तथा चीनी समुद्री मिलिशिया के अवरोध का सामना करना पड़ा। उनकी अवैध कार्रवाइयों के कारण टकराव हुआ।’’

मनीला में चीनी दूतावास के अधिकारियों ने अभी इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के संघ (आसियान) के नेताओं और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के बीच इस सप्ताह होने वाले शिखर सम्मेलन में दक्षिण चीन सागर में क्षेत्रीय विवाद बातचीत के एजेंडे में शीर्ष पर रहने की उम्मीद है।

चीन ने फिलीपीन को प्रताड़ित करने के आरोपों से इनकार करते हुए सोमवार को कहा था कि वह फिलीपीन पर चीन की क्षेत्रीय संप्रभुत्ता तथा समुद्री अधिकारों और हितों का उल्लंघन कर ‘‘दक्षिण चीन सागर में उकसावे वाले कदम उठाने’’ का आरोप लगाता है।

मनीला में चीनी दूतावास ने एक बयान में कहा, ‘‘चीन ने अपनी संप्रभुत्ता, अधिकारों तथा हितों की रक्षा करने के लिए कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए हैं।’’

इस टकराव ने विवादित समुद्री क्षेत्र में वृहद संघर्ष का डर पैदा कर दिया है जिसमें अमेरिका भी शामिल हो सकता है।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\