देश की खबरें | जनता का दर्द नहीं समझ सकते 'चिलमजीवी' लोग : अखिलेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि जिन 'चिलमजीवी' लोगों के पास परिवार नहीं है वे जनता का दुख दर्द नहीं समझ सकते।

महोबा/बांदा (उत्तर प्रदेश), एक दिसंबर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि जिन 'चिलमजीवी' लोगों के पास परिवार नहीं है वे जनता का दुख दर्द नहीं समझ सकते।

अखिलेश ने महोबा में समाजवादी विजय यात्रा की शुरुआत की और महोबा के साथ-साथ बांदा में भी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा आत्महत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया किया कि इन किसानों के परिवारों की सिर्फ सपा ने ही मदद की है।

उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा "हम सब परिवार वाले लोग हैं, इसलिए जानते हैं कि अगर किसी मजदूर या किसान की जान चली गई तो उसके परिवार का क्या हाल होगा। अगर किसी परिवार के सामने संकट आया तो हम खड़े हुए। परिवार वाले ही परिवार वालों का दुख दर्द समझ सकते हैं। जिनके पास परिवार नहीं है वे आपकी परवाह नहीं करेंगे। आज जिनके हाथ में सरकार है वह परिवार वालों का दर्द नहीं समझ सकते"

सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी पर हमले जारी रखते हुए कहा कि हमले जारी रखते हुए कहा "यह चिलमजीवी लोग हैं। इन्हें दुख दर्द नहीं पता जनता का। अगर दुख दर्द पता होता तो यह साढ़े चार साल में कुछ काम करके दिखाते। आप बताओ कि चुनाव के बाद चिलमजीवी को हटाओगे या नहीं।"

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी पर हमला जारी रखते हुए कहा "अब सुनने में आया है कि मुख्यमंत्री नौजवानों को स्मार्टफोन और टेबलेट देंगे। जो लैपटॉप नहीं चला सकता वह आपको लैपटॉप नहीं दे सकता। हम आपसे कहना चाहते हैं कि आपको योगी योगी सरकार चाहिए या योग्य सरकार चाहिए।"

हाल में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पर्चा लीक होने की घटना का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने सरकार पर जानबूझकर पर्चा लीक कराने का आरोप लगाया।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने कोरोना काल में जनता को अनाथ छोड़ दिया। योगी सरकार ने प्रदेश को पीछे कर दिया। योगी सरकार का विकास तो सिर्फ तस्वीरों में दिख रहा है और यह विकास तस्वीरों और विज्ञापनों में ही पकड़ भी लिया गया। भाजपा के लोग विज्ञापन में भी झूठ दिखाते हैं। जिन्होंने विज्ञापन तक झूठे दिखाएं हो उनको इस बार चुनाव में बाहर का रास्ता दिखाना है।

नीति आयोग के मुताबिक बुंदेलखंड में 32 लाख से ज्यादा लोगों के गरीब होने का जिक्र करते हुए अखिलेश ने वादा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर चाहे सरकारी बजट से इन गरीबों की ज्यादा मदद करनी पड़े, चाहे हमें समाजवादी पेंशन से अच्छी कोई योजना चलानी पड़े, अपनी माताओं बहनों और परिवारों को सम्मान देने के लिए पहले दी जाने वाली 500 रुपए प्रतिमाह की धनराशि को अगर इस बार तीन गुना बढ़ाना पड़े तो भी सपा सरकार ऐसा जरूर करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now