देश की खबरें | मुख्यमंत्री ने आम्बेडकर के घर पर हुई तोड़फोड़ के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कहा कि उन्होंने पुलिस को मुंबई में स्थित डॉ बी आर आम्बेडकर के घर 'राजगृह' में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मुंबई, आठ जुलाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कहा कि उन्होंने पुलिस को मुंबई में स्थित डॉ बी आर आम्बेडकर के घर 'राजगृह' में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ठाकरे ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार दादर क्षेत्र में स्थित ‘राजगृह’ का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।

यह भी पढ़े | बिहार के मुख्यमंत्री के आवास पर ‘‘वेंटिलेटर युक्त अस्पताल’’ संबंधी आदेश वापस लिया गया.

उन्होंने कहा, “परिसर केवल आम्बेडकर के अनुयायियों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए एक पूज्यनीय स्थान है। इस परिसर में आम्बेडकर की सभी रचनाएं संरक्षित हैं। यह सभी महाराष्ट्रवासियों के लिए एक तीर्थस्थान की तरह है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार राजगृह का अपमान सहन नहीं करेगी और मैंने पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।”

यह भी पढ़े | कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 16883 मरीज हुए ठीक, रिकवरी रेट 61.53% पहुंचा: 8 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

आम्बेडकर राजगृह में लगभग दो दशकों तक रहे। यह घर उनके स्मारक 'चैतन्यभूमि' के पास स्थित है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो व्यक्तियों ने मंगलवार रात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को पत्थर मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी की फुटेज में एक व्यक्ति राजगृह के गमलों को तोड़ते हुए दिख रहा है।

माटुंगा पुलिस थाने में घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दादर के हिंदू कॉलोनी में स्थित इस बंगले में आम्बेडकर संग्रहालय है जहां बाबासाहेब की किताबें, तस्वीरें, अस्थियां, बर्तन और अन्य कलाकृतियां रखी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now