देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : नक्सली हमले में पुलिस जवान घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में डीआरजी का एक जवान घायल हो गया।
रायपुर, 25 फरवरी छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में डीआरजी का एक जवान घायल हो गया।
राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के टेकामेटा गांव के जंगल में मुठभेड़ में डीआरजी जवान शत्रुघन ठाकुर घायल हो गया है।
सुंदरराज ने बताया कि छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और कांकेर तथा महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले के जंगल में पिछले कुछ दिनों से नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान टेकामेटा और मुसपारासी गांव के जंगल में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, डीआरजी और एसटीएफ के जवानों तथा नक्सलियों के बीच कई मुठभेड़ हुई।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को सुरक्षा बल के जवान टेकामेटा गांव के जंगल में थे तभी नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में डीआरजी के जवान शत्रुघन के बायें हाथ में गोली लगी है। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि टेकामेटा और मुसपारासी गांव के जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
सुंदरराज ने बताया कि बुधवार को क्षेत्र में अभियान के दौरान नक्सली हमले में डीआरजी के जवान की मृत्यु हो गई थी।
वहीं एक अन्य घटना में जिले के सोनपुर गांव के जंगल में पाइप बम में विस्फोट होने से भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवान की मृत्यु हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)