देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 27 नक्सली ढेर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 27 नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नारायणपुर, 21 मई छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 27 नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू को मार गिराया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हो गया तथा कुछ अन्य जवान घायल हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित अबूझमाड़ के इलाके में नक्सलियों की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्य तथा माड़ डिवीजन और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) के बड़े कैडर की मौजूदगी की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों के जवान आज जब क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक इस अभियान के दौरान 27 नक्सलियों के शव और अनेक हथियार बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान एक डीआरजी जवान शहीद हो गया तथा कुछ अन्य जवानों को चोटें पहुंची है। सभी घायलों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है। घायल हुए सभी जवान खतरे से बाहर हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से जारी इस अभियान के दौरान कई वरिष्ठ स्तर के माओवादी कैडर के मारे जाने या गंभीर रूप से घायल होने का अनुमान है।

अधिकारियों ने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद, सुरक्षाबल के जवान वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ इस निर्णायक अभियान को पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। क्षेत्र में अभियान लगातार जारी है।

सूत्रों ने बताया कि इस नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव बसवराजू (70) को मार गिराया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने बसवराजू के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है।

माओवादियों ने नवंबर 2018 में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया था कि माओवादियों की केंद्रीय समिति ने बसवराजू को नया महासचिव चुना था। बसवराजू ने गणपति का स्थान लिया था।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया था कि सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में शीर्ष स्तर के कई नक्सलियों को मार गिराया है।

नक्सलियों से बातचीत के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा था, ''केंद्र और राज्य की सरकार एक भी गोली नहीं चलाना चाहती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो बार बस्तर के प्रवास पर कहा कि ‘मैं निवेदन करता हूं कि नक्सली मुख्यधारा में जुड़े।’ मुख्यमंत्री ने भी यही कहा है। मेरा कहना है कि उचित लोग बातचीत करें, चर्चा करें। हथियार से समस्या का हल नहीं होता है, नक्सलियों को मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए।''

छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2023 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन के बाद से नक्सल विरोधी अभियान तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुताबिक केंद्र ने मार्च 2026 तक देश को नक्सल समस्या से मुक्त करने का संकल्प लिया है।

सुरक्षाबलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस महीने की 14 तारीख को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया था कि सुरक्षाबलों ने बस्तर क्षेत्र के बीजापुर और पड़ोसी राज्य तेलंगाना की सीमा पर स्थित करेगुट्टालू की पहाड़ी में 21 दिन तक चले सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियान में 31 नक्सलियों को मार गिराया था तथा बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक बरामद किया था।

आज की कार्रवाई के साथ ही इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 200 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 183 बस्तर संभाग में मारे गए हैं। बस्तर संभाग में बीजापुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव समेत सात जिले शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट