देश की खबरें | छत्तीसगढ़: कांग्रेस ने छह लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किये, अनुभवी नेताओं पर जताया भरोसा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपने अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है क्योंकि पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी पहली सूची के छह उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य के दो पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक और एक मौजूदा सांसद के नाम शामिल हैं।

रायपुर, आठ मार्च छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपने अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है क्योंकि पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी पहली सूची के छह उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य के दो पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक और एक मौजूदा सांसद के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट में से छह के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। कुल छह उम्मीदवारों में से चार अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं और एक अनुसूचित जाति समुदाय से है।

उम्मीदवारों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (राजनांदगांव), पूर्व विधायक विकास उपाध्याय (रायपुर), पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू (महासमुंद), पूर्व मंत्री शिव डहरिया (जांजगीर-चांपा), मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत (कोरबा) और नए चेहरे राजेंद्र साहू (दुर्ग) शामिल हैं।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सभी 11 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर चुकी है।।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सबसे बड़े ओबीसी चेहरे भूपेश बघेल 2018 से 2023 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे।

बघेल (62) राज्य के प्रभावशाली अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कुर्मी समुदाय से आते हैं। बघेल पाटन विधानसभा सीट से विधायक हैं।

साल 2018 में जब 15 साल के भाजपा शासन के बाद कांग्रेस सत्ता में आई थी तब बघेल ने मुख्यमंत्री पद की दौड़ में टीएस सिंह देव, चरण दास महंत और ताम्रध्वज साहू जैसे प्रभावशाली नेताओं को पछाड़ दिया था और वह मुख्यमंत्री बन गए थे।

राज्य में पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने स्पष्ट रूप से उन्हें मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश नहीं किया था लेकिन चुनाव प्रचार उनके इर्दगिर्द ही केंद्रित रहा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भाजपा के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा।

छह बार विधायक रहे बघेल ने 2009 में रायपुर सीट से और 2004 में दुर्ग सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। इस बार उनका मुकाबला राजनांदगांव से भाजपा के मौजूदा सांसद संतोष पांडेय से है।

राजनांदगांव पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का भी क्षेत्र है। यहां से बघेल के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है।

दो अन्य उम्मीदवार ताम्रध्वज साहू और शिवकुमार डहरिया पिछली बघेल सरकार में मंत्री थे और दोनों पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे।

साहू राज्य में संख्यात्मक रूप से प्रभावशाली तेली समाज से आते हैं। उन्हें साहू बहुल महासमुंद सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। चार बार विधायक रहे साहू 2014 में दुर्ग सीट से लोकसभा के लिए भी चुने गए थे।

ताम्रध्वज साहू का मुकाबला भाजपा की महिला उम्मीदवार रूपकुमारी चौधरी से होगा। चौधरी पूर्व में विधायक रह चुकी हैं।

राज्य में सतनामी (अनुसूचित जाति) समाज के प्रभावशाली नेता डहरिया को कांग्रेस ने आरक्षित जांजगीर-चांपा सीट से मैदान में उतारा है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं।

डहरिया का मुकाबला भाजपा की महिला उम्मीदवार कमलेश जांगड़े से है।

कांग्रेस पार्टी ने महत्वपूर्ण रायपुर लोकसभा सीट से ब्राह्मण समाज से विकास उपाध्याय को टिकट दिया है। उपाध्याय 2018 में पहली बार विधायक चुने गए थे। वह रायपुर शहर पश्चिम विधानसभा सीट से पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे।

उपाध्याय का मुकाबला भाजपा के कद्दावर नेता और राज्य सरकार में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से है।

पार्टी ने कोरबा से मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत पर एक बार फिर भरोसा जताया है। वह कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत की पत्नी हैं। चरण दास महंत राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं।

महंत का मुकाबला भाजपा की वरिष्ठ नेता सरोज पांडेय से है। पांडेय ने हाल ही में राज्यसभा का अपना कार्यकाल पूरा किया है।

दुर्ग सीट पर कांग्रेस ने नए चेहरे राजेंद्र साहू को चुनाव मैदान में उतारा है। राजेंद्र साहू का मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद विजय बघेल से है।

साल 2019 के आम चुनाव में भाजपा ने राज्य की 11 में से नौ सीट पर जीत हासिल की थी। गत चुनाव में कांग्रेस बस्तर और कोरबा सीट ही जीत सकी थी।

संजीव नोमान

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट