देश की खबरें | छत्तीसगढ. : भूपेश बघेल ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया और कहा कि वह लोगों के जनादेश का सम्मान करते हैं, उनकी पार्टी विपक्ष के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
रायपुर, तीन दिसंबर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया और कहा कि वह लोगों के जनादेश का सम्मान करते हैं, उनकी पार्टी विपक्ष के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
वह राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद राजभवन के बाहर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
बघेल ने कहा, ‘‘मैंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हमें पांच साल पहले जनादेश मिला था और हमने बहुत ईमानदारी से लोगों की सेवा की। इस बार हमें जो जनादेश मिला है हम उसका सम्मान करते हैं। चूंकि अब हम विपक्ष में हैं, इसलिए हम विपक्ष की भूमिका सकारात्मक रूप से निभाएंगे।’’
कांग्रेस की हार के कारणों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘यह समीक्षा के बाद पता चलेगा, लेकिन लोगों ने जो जनादेश दिया है, हम उसका सम्मान करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ''भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जनादेश मिला है और मैं उन्हें बधाई देता हूं।’’
इधर राजभवन ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से आज रात राजभवन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुलाकात की तथा विधानसभा चुनाव 2023 के परिणाम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)