देश की खबरें | उमरा के सस्ते हवाई टिकटों के नाम पर देश भर के जायरीन से ठगी, दो गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उमरा की धार्मिक यात्रा के सस्ते हवाई टिकट दिलाने के नाम पर देश भर के जायरीन को कम से कम 50 लाख रुपये का चूना लगाने के आरोप में इंदौर पुलिस ने दो लोगों को मंगलवार को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

इंदौर (मध्यप्रदेश), 13 जून उमरा की धार्मिक यात्रा के सस्ते हवाई टिकट दिलाने के नाम पर देश भर के जायरीन को कम से कम 50 लाख रुपये का चूना लगाने के आरोप में इंदौर पुलिस ने दो लोगों को मंगलवार को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजक्किर खान और सैफ खान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं और इन दिनों मुंबई में रह रहे थे।

इसमें कहा गया है कि दोनों पर आरोप है कि उमरा की धार्मिक यात्रा के सस्ते हवाई टिकट दिलाने के नाम पर उन्होंने अलग-अलग राज्यों के जायरीन से कम से कम 50 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा कराए।

इसके मुताबिक आरोपियों ने अपने बैंक खातों से ऑनलाइन भुगतान करते हुए मुंबई से जेद्दा के हवाई टिकट बुक किए, लेकिन बाद में कथित ठगी के चलते इन्हें रद्द करा दिया जिससे टिकटों की राशि वापस उनके खातों में आ गयी।

बयान में कहा गया है कि आरोपियों की ठगी के जाल में फंसे जायरीन में इंदौर के साथ ही दिल्ली, कोलकाता, मुरादाबाद, देवरिया और देश के अन्य शहरों के लोग शामिल हैं।

इसके मुताबिक दोनों आरोपी इनाम में धन की पेशकश करने वाले ऑनलाइन गेम खेलने के आदी हैं और जायरीन से ठगी के मामले की उनके खिलाफ विस्तृत जांच जारी है।

हर्ष रंजन

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें