देश की खबरें | गठबंधन का नाम बदलने से विपक्षी दलों का चरित्र नहीं बदलेगा : भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके राजग सहयोगियों ने मंगलवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनके गठबंधन को नया नाम देने से उनका चरित्र नहीं बदलेगा और 2024 के लोकसभा चुनाव की लड़ाई ‘भारत माता बनाम इंडिया’’ होने जा रही है।
नयी दिल्ली, 18 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके राजग सहयोगियों ने मंगलवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनके गठबंधन को नया नाम देने से उनका चरित्र नहीं बदलेगा और 2024 के लोकसभा चुनाव की लड़ाई ‘भारत माता बनाम इंडिया’’ होने जा रही है।
वे 26 विपक्षी दलों द्वारा 2024 के लोकसभा चुनावों में एकजुट होकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ की घोषणा के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि लड़ाई ‘‘इंडिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच’’ होगी।
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि विपक्षी दलों के संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को अपना अस्तित्व खत्म करना होगा और एक नई पहचान हासिल करनी होगी, भले ही जो लोग इस ‘नये’ गठबंधन का हिस्सा हैं, वे नहीं बदले हैं।
मालवीय ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की स्थापना 1998 में हुई थी। पच्चीस साल बाद, एक दिन, एक विस्तारित, मजबूत राजग की बैठक हो रही है। संप्रग को अपना अस्तित्व खत्म करना पड़ा और एक नई पहचान हासिल करनी पड़ी, तब भी जब वे लोग, जो ‘नए’ गठबंधन का हिस्सा हैं, नहीं बदले हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नाम बदलने से चरित्र नहीं बदलता।’’
राष्ट्रीय लोक जनता दल के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अब यह भारत माता बनाम इंडिया (विपक्षी गठबंधन का नया नाम) होगा।’’
उन्होंने विपक्ष के नये गठबंधन ‘इंडिया’ को उन लोगों का समूह करार दिया, जो ‘‘जनता की गाढ़ी कमाई से अपनी जेबें भरते हैं और गरीब लोगों का खून चूसते हैं।’’
विपक्षी दलों के गठबंधन के नये नाम पर कटाक्ष करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दावा किया कि अंग्रेजों ने देश का नाम ‘इंडिया’ रखा था और ‘‘औपनिवेशिक विरासतों’’ से राष्ट्र को मुक्त करने के लिए लड़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर कहा, ‘‘हमारा सभ्यतागत संघर्ष ‘इंडिया और भारत’ के आसपास केंद्रित है। अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम ‘इंडिया’ रखा। हमें औपनिवेशिक विरासतों से खुद को मुक्त करने का प्रयास करना चाहिए।’’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाला राजग 2024 में फिर से सत्ता में वापस आएगा।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जितना अधिक वे मोदी की आलोचना करेंगे, उतनी ही ज्यादा सीट राजग जीतेगा। हमने 2014 में यह देखा और हमने 2019 में भी यही देखा और अब एक बार फिर हम 2024 में भी यह देखेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)