देश की खबरें | सीईसी ने कर्नाटक के लोगों से बड़ी संख्या में वोट देने की अपील की

नयी दिल्ली, नौ मई कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने मतदाताओं,खासकर पहली बार मतदाता बने युवाओं से मंगलवार को अपील की कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकलें।

कर्नाटक में 5.3 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 11.71 लाख वे लोग हैं जो पहली बार मतदाता बने हैं।

कुमार ने युवा और शहरी मतदाताओं से 103 वर्षीय महादेव महालिंगा माली जैसे बुजुर्ग मतदाताओं से प्रेरणा लेने आग्रह किया और कहा कि वे राज्य में शहरी क्षेत्रों में मतदान को लेकर उदासीनता की प्रचलित प्रवृत्ति को गलत साबित कर "लोकतंत्र के उत्सव" में सक्रिय रूप से भाग लें।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीईसी कुमार ने बेलगावी जिले के निवासी माली की पिछले सप्ताह ‘होम वोटिंग’ सुविधा का उपयोग करके कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अपना वोट डालने के लिए सराहना की है।

कर्नाटक में 224 विधानसभा सीट हैं जहां 5.3 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं, जिनमें से 2.66 करोड़ पुरुष और 2.63 करोड़ महिलाएं हैं।

कर्नाटक में 5.71 लाख दिव्यांग, 80 साल या इससे अधिक उम्र के 12.15 लाख और 100 वर्ष की आयु के 16 हजार से ज्यादा मतदाता पंजीकृत हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)