देश की खबरें | इमारत ढहने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, सपा विधायक का बेटा गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट ढहने के मामले में बुधवार को तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके सपा विधायक शाहिद मंजूर के बेटे नवाजिश को गिरफ्तार किया गया है।
लखनऊ, 25 जनवरी राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट ढहने के मामले में बुधवार को तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके सपा विधायक शाहिद मंजूर के बेटे नवाजिश को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मोहम्मद तारिक, नवाजिश शाहिद और फहद यजदानी के खिलाफ हजरतगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहता की धारा 323 (जानबूझकर नुकसान पहुंचाना), 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 420 (धोखाधड़ी), 120-ख (आपराधिक साजिश) तथा आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा सात के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।
लखनऊ के पुलिस आयुक्त एस. बी. शिरडकर ने बताया कि नवाजिश को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अलाया अपार्टमेंट का निर्माण वर्ष 2009-2010 में हुआ था और उसके ढहने का कारण अभी पता नहीं लग पाया है।
इस बीच, लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि लोग मलबे में दबे हैं या नहीं। इसके मद्देनजर बचाव अभियान अभी जारी है।
अब तक कुल 16 लोगों को मलबे से निकाला गया है, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 10 लोगों का इलाज किया जा रहा है, जबकि चार को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
गौरतलब है कि लखनऊ के हजरतगंज इलाके में वजीर हसन रोड पर स्थित अलाया अपार्टमेंट की बहुमंजिला इमारत मंगलवार शाम ढह गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई तथा 10 अन्य लोग घायल हो गए।
सलीम संतोष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)