देश की खबरें | छात्रा की मौत का मामला : कांग्रेस ने ओडिशा के मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगा, राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने बालासोर जिले में कॉलेज छात्रा की मौत के मामले में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के इस्तीफे की मांग करते हुए बुधवार को कहा कि राज्य में मणिपुर की तरह राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए।

भुवनेश्वर, 16 जुलाई अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने बालासोर जिले में कॉलेज छात्रा की मौत के मामले में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के इस्तीफे की मांग करते हुए बुधवार को कहा कि राज्य में मणिपुर की तरह राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए।

फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज की बी.एड. द्वितीय वर्ष की छात्रा ने तीन दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार रात एम्स-भुवनेश्वर में दम तोड़ दिया।

छात्रा ने यौन उत्पीड़न के आरोपी एक प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली थी।

पीड़िता के परिवार से मिलने राज्य पहुंचीं लांबा ने आरोप लगाया कि ओडिशा में व्यवस्था की विफलता के कारण छात्रा की मौत हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मुख्यमंत्री व्यवस्था के मुखिया हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व में खुद राजस्थान में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की थी और आरोप लगाया था कि राज्य में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की थी और आगामी लोकसभा सत्र के दौरान ओडिशा में भी इसकी मांग की जाएगी।

लांबा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री को सरकार चलाने का कोई अनुभव नहीं है और वह एक साल में ‘‘विफल’’ साबित हो गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\