देश की खबरें | उपचुनाव : देश में तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर मतदान जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के पांच राज्यों और एक केंद्र-शासित प्रदेश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर बृहस्पतिवार को हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान जारी है।

नयी दिल्ली, 23 जून देश के पांच राज्यों और एक केंद्र-शासित प्रदेश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर बृहस्पतिवार को हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान जारी है।

इस चुनाव में सभी की नजर त्रिपुरा के टाउन बारदोवाली सीट पर रहेगी, जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा मैदान में हैं।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और झारखंड में हो रहे उपचुनाव की मतगणना रविवार को की जाएगी।

पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हुआ। विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद इसे सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की पहली परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

उपचुनाव ऐसे समय में हो रहा है, जब ‘आप’ कानून-व्यवस्था के मुद्दे और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर सवालों के घेरे में है।

‘आप’ ने पार्टी के संगरूर जिला प्रभारी गुरमेल सिंह, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने धूरी के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को अपना उम्मीदवार बनाया है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान भी चुनाव मैदान में हैं।

पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के धूरी से विधायक चुने जाने के बाद संगरूर लोकसभा सीट खाली हुई थी।

वहीं, उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटें प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों क्रमशः अखिलेश यादव और आजम खान के विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई हैं।

रामपुर से भाजपा ने घनश्याम सिंह लोधी को मैदान में उतारा है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं, जबकि सपा ने असीम रजा को टिकट दिया है। मायावती की अगुवाई वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) रामपुर से चुनाव नहीं लड़ रही है।

आजमगढ़ में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां से भाजपा ने लोकप्रिय भोजपुरी गायक एवं अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को मैदान में उतारा है। वहीं, सपा से धर्मेंद्र यादव और बसपा से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी चार विधानसभा सीट मुबारकपुर, सागदी, गोपालपुर और मेहनगर पर सपा ने जीत हासिल की थी।

वहीं, त्रिपुरा में अगरतला, टाउन बारदोवाली, सुरमा और जुबराजनगर सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। हालांकि, यहां सभी की नजर टाउन बारदोवाली सीट पर रहेगी, जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाले सुदीप रॉय बर्मन और आशीष साहा कांग्रेस में शामिल हो गए थे, जिसके बाद अगरतला और टाउन बारदोवाली सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।

सूरमा सीट से भाजपा विधायक आशीष दास के पार्टी के खिलाफ बगावत करने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं, माकपा विधायक रामेंद्र चंद्र देवनाथ के निधन के कारण जुबराजनगर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

उधर, आंध्र प्रदेश में आत्माकुरु विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में पहले दो घंटों में करीब 12 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, इस चुनाव में 14 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन मुकाबला केवल सत्तारूढ़ वाईएसआरसी और भाजपा के बीच माना जा रहा है।

इस साल फरवरी में तत्कालीन उद्योग मंत्री और विधायक मेकापति गौतम रेड्डी की मृत्यु के कारण इस सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। गौतम रेड्डी ने 2014 और 2019 में लगातार दो बार आत्माकुरु सीट जीती थी। अब उनके छोटे भाई एवं वाईएसआरसी के उम्मीदवार मेकापति विक्रम रेड्डी उपचुनाव के माध्यम से राजनीति में पदार्पण कर रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के जी भारत कुमार यादव से है।

परंपरा के अनुसार, मौजूदा विधायक की मृत्यु के बाद प्रतिद्वंद्वी दल अपना उम्मीदवार नहीं उतारता है। इसलिए तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा) ने उपचुनाव से नहीं लड़ने का फैसला किया।

दिल्ली में राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हो गया। इस सीट पर कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

‘आप’ और भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशी के भारी मतों से जीतने की उम्मीद जताई है। ‘आप’ ने दुर्गेश पाठक और भाजपा ने राजेश भाटिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने प्रेम लता को टिकट दिया है।

हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद ‘आप’ नेता राघव चड्ढा के इस्तीफे से रिक्त हुई राजेंद्र नगर सीट पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की छह टुकड़ियों को तैनात किया गया है।

वहीं, झारखंड में मांडर विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपचुनाव हो रहा है। भ्रष्टाचार के मामले में विधायक बंधु टिरके को दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी है।

कांग्रेस ने बंधु की बेटी शिल्पा नेहा तिर्की को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर को टिकट दिया है।

असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के समर्थन से एक निर्दलीय उम्मीदवार देव कुमार धन भी मैदान में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट