सिलवासा (दादरा और नगर हवेली), सात मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को एक बार फिर मोटापे की समस्या को उठाया और एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2050 तक 44 करोड़ भारतीय मोटापे से ग्रस्त होंगे। उन्होंने इन आंकड़ों को चौंकाने वाला और खतरनाक बताया।
मोदी ने मोटापे से निपटने के लिए खाद्य तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कमी करने के आह्वान को दोहराया, जिसके बारे में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय पर इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में बड़ी स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होंगी।
मोदी ने सिलवासा में दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव में 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखने और उद्घाटन करने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘सिंगापुर कभी कुछ मछुआरों द्वारा बसाया हुआ द्वीप था, लेकिन अपने नागरिकों की कड़ी मेहनत के कारण कम समय में एक विकसित देश बन गया।’’
उन्होंने कहा कि इसी तरह दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव भी बदल सकते हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेश के लोग वह बदलाव ला सकते हैं और मैं इस प्रयास में उनके साथ खड़ा होने को तैयार हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव हमारे लिए सिर्फ एक केंद्र शासित प्रदेश नहीं है, बल्कि यह हमारा गौरव और विरासत है। यह एक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।’’
मोदी ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2050 तक 44 करोड़ भारतीय मोटापे से ग्रस्त होंगे, जो चौंकाने वाला और खतरनाक है।
उन्होंने आगाह किया कि मोटापे के कारण हर तीसरा व्यक्ति गंभीर बीमारियों से पीड़ित हो सकता है।
मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में 25,000 जन औषधि केंद्र खोलेगी ताकि लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में 'मन की बात' कार्यक्रम में देश में मोटापे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए इस चुनौती से निपटने के लिए जीवनशैली में बदलाव पर जोर दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि खाद्य तेल के उपभोग में 10 फीसदी की कटौती जैसे छोटे-छोटे प्रयास बेहद कारगर हो सकते हैं।
भोजन में तेल के उपयोग में 10 फीसदी की कमी को लेकर एक अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने उद्योगपति आनंद महिंद्रा, ओलंपियन मनु भाकर और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत दस लोगों को 'चैलेंज' भी दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY