देश की खबरें | कारोबारी के सुरक्षा अधिकारी ने गुरुग्राम में खुदकुशी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम में एक कारोबारी के सुरक्षा अधिकारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कथित रूप से खुद को गोली मारकर सोमवार को खुदकुशी कर ली। उसके परिवार का दावा है कि उसे दो लोग परेशान कर रहे थे।
गुरुग्राम (हरियाणा), सात मार्च हरियाणा के गुरुग्राम में एक कारोबारी के सुरक्षा अधिकारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कथित रूप से खुद को गोली मारकर सोमवार को खुदकुशी कर ली। उसके परिवार का दावा है कि उसे दो लोग परेशान कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि निजी सुरक्षा अधिकारी रवि कुमार (28) झज्जर जिले का रहने वाला था। वह यहां सेक्टर 84 में अंतरिक्ष हाइट सोसाइटी में किराये के आवास में रहता था।
कुमार आज सुबह अपनी सोसाइटी के सुनसान स्थान पर गया जहां उसने खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव और रिवॉल्वर को कब्जे में लिया।
शव को मुर्दा घर ले जाया गया है और उसके परिवार के सदस्यों को जानकारी दे दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, कुमार के भाई आशीष ने खेड़की दौला थाने में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें आरोप लगाया है कि कुमार को एक पुरुष और एक महिला ब्लैकमेल कर रही थी जिस वजह से उसने आत्महत्या की।
शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
खेड़की दौला के थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक , मामले की तफ्तीश की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)