ताजा खबरें | बजट आशा की किरण दिखाने वाला : ठाकुर
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि इस बजट में आशा की किरण दिखती है और इसमें देश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही नए भारत के निर्माण पर जोर दिया गया है।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि इस बजट में आशा की किरण दिखती है और इसमें देश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही नए भारत के निर्माण पर जोर दिया गया है।
ठाकुर ने उच्च सदन में आम बजट पर हुयी चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों ने भी बजट की सराहना की और बाजार में इस पर सकारात्मक प्रतिकिया दिखी। उन्होंने कहा कि बजट के बाद शेयर बाजार में लगातार उछाल आया और सूचकांक में खासी वृद्धि दर्ज की गयी।
उन्होंने कहा कि यह बजट ‘‘सशक्त भारत’’ बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप है और इसे पूरी तरह से पारदर्शी बनाया गया है।
ठाकुर ने कहा कि इस बार बजट को डिजिटल तरीके से बनाया गया और इसे ‘मेड इन इंडिया’ टैबलेट के जरिए पेश किया गया। उन्होंने कहा कि एक समय भारत में मोबाइल फोन बनाने वाली सिर्फ दो इकाइयां थीं लेकिन अब मोबाइल फोन के निर्माण में भारत दुनिया के प्रमुख देशों में से एक है।
ठाकुर के भाषण के दौरान कुछ विपक्षी सदस्य टोकाटोकी करते रहे। वे मंत्री की किसी टिप्पणी पर आपत्ति जता रहे थे। इस पर पीठासीन उपसभापति भुवनेश्वर कालिता ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि यदि मंत्री की टिप्पणी में कुछ भी असंसदीय होगा तो उसे कार्यवाही से निकाल दिया जाएगा।
ठाकुर ने कहा कि महिला एवं बाल कल्याण, सामाजिक न्याय सहित विभिन्न मदों के बजट में खासी वृद्धि की गयी है और इस सरकार ने हर गांव तक बिजली पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार हर गरीब को पक्का मकान मुहैया कराने की दिशा में काम कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)