देश की खबरें | दो जुलाई से शुरू होगा पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र दो जुलाई को राज्यपाल जगदीप धनखड़ के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कोलकाता, 22 जून पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र दो जुलाई को राज्यपाल जगदीप धनखड़ के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विधानसभा सूत्रों ने कहा कि सत्र शुरू होने के अगले दिन या उससे एक दिन बाद बजट पेश किये जाने की उम्मीद है। सत्र की अवधि अभी तय की जानी है।

बनर्जी ने कहा, ''दो जुलाई को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ होगा। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि सत्र कब तक चलेगा।''

सत्र के दौरान सभी कोविड-19 नियमों का पालन किया जाएगा।

टीएमसी के मुख्य सचेतक निर्मल घोष के अनुसार फरवरी के सत्र में राज्य के वित्त मंत्री अमित मित्रा की तबीयत खराब होने के चलते मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बजट पेश किया था, उसी तरह इस बार भी या तो मुख्यमंत्री या फिर संसदीय कार्य मंत्री पार्थ चटर्जी बजट पेश कर सकते हैं क्योंकि मित्रा ऐसा करने में समर्थ नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ''हालांकि, अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है।''

घोष ने कहा कि 28 जून को कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में बजट सत्र की अवधि तय किये जाने की उम्मीद है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में पहली बार बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने होंगे। एक समय ममता के करीबी माने जाने वाले अधिकारी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने चर्चित नंदीग्राम सीट से कम अंतर से मुख्यमंत्री को हरा दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\