देश की खबरें | सीमा विवाद : बेलगावी में शांति, राउत ने कहा-'दिल्ली के समर्थन' के बिना हिंसा संभव नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के साथ सीमा विवाद को लेकर कन्नड़ समर्थक संगठनों के प्रदर्शन के एक दिन बाद बुधवार को कर्नाटक के बेलगावी में माहौल शांतिपूर्ण रहा।
मुंबई/बेलगावी, सात दिसंबर महाराष्ट्र के साथ सीमा विवाद को लेकर कन्नड़ समर्थक संगठनों के प्रदर्शन के एक दिन बाद बुधवार को कर्नाटक के बेलगावी में माहौल शांतिपूर्ण रहा।
इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने केंद्र पर निशाना साधते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र और कर्नाटक में जारी सीमा विवाद के बीच हिंसा की घटनाएं ‘दिल्ली के समर्थन’ के बिना नहीं हो सकती हैं। उन्होंने बेलगावी को केंद्र-शासित प्रदेश घोषित करने की मांग भी की।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने राउत पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की ‘बेबुनियाद और भड़काऊ टिप्पणियां’ करने से बचना चाहिए।
बेलगावी में प्रदर्शन महाराष्ट्र के साथ जारी सीमा विवाद के बीच राज्य के दो मंत्रियों के मंगलवार को प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर हुआ था।
दरअसल, शंभूराज देसाई और चंद्रकांत पाटिल, जिन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बेलगावी से जुड़े सीमा विवाद मामले की पैरवी कर रही कानूनी टीम के साथ समन्वय के लिए नियुक्त किया था, महाराष्ट्र समर्थक संगठन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को शहर का दौरा करने की योजना बना रहे थे।
कन्नड़ समर्थक प्रदर्शनकारियों के विरोध के कारण, दोनों मंत्रियों ने अपनी यात्रा स्थगित कर दी।
एक पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, “क्षेत्र में पूरी तरह से शांति है। कोई विरोध-प्रदर्शन नहीं हो रहे ।” उन्होंने बताया कि एहतियाती उपाय के तौर पर प्रदर्शनों को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)