विदेश की खबरें | तुर्किये में आए भूकंप में लापता भारतीय व्यक्ति का शव मिला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. तुर्किये में छह फरवरी को आए भीषण भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक का शव शनिवार को उस होटल के मलबे से मिला, जहां वह ठहरा हुआ था।

कोटद्वार (उत्तराखंड), 11 फरवरी तुर्किये में छह फरवरी को आए भीषण भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक का शव शनिवार को उस होटल के मलबे से मिला, जहां वह ठहरा हुआ था।

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के निवासी और बेंगलुरु की एक कंपनी में कार्यरत विजय कुमार गौड़ एक आधिकारिक काम के सिलसिले में तुर्किये गए थे।

यहां उनके परिवार ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हवाले से कहा कि उनका चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी। गौड़ के हाथों पर ‘‘ओम’’ का टैटू था, जिससे उनकी पहचान हुई।

गौड़ पौड़ी जिले में कोटद्वार के पदमपुर इलाके के निवासी थे। शुक्रवार को उनके कपड़े मिले थे। तुर्किये में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘हमें यह सूचित करते हुए दुख हो रहा है कि तुर्किये में छह फरवरी को आए भूकंप के बाद से लापता श्री विजय कुमार के अवशेष मालत्या होटल के मिले अवशेषों में पाये गये हैं और उनकी पहचान कर ली गयी है। वह वहां एक कारोबारी दौरे पर गए थे।’’

गौड़ की पत्नी और बेटा सकारात्मक खबर की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन किसी अनहोनी की उनकी आशंका सच साबित हो गई। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए पड़ोसी और मित्र गौड़ के घर पहुंचे।

परिवार के सूत्रों ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हवाले से बताया कि उनके शव को सबसे पहले इस्तांबुल और उसके बाद दिल्ली लाया जाएगा। उनके शव के कोटद्वार पहुंचने में तीन दिन लग सकते हैं।

दूतावास ने ट्विटर पर कहा, ‘‘उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। हम उनके अवशेष को उनके परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।’’

उनके बड़े भाई अरुण कुमार गौड़ ने कहा कि उनका (छोटा) भाई विजय ऑक्सी प्लांट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करता था और वह वहां आधिकारी दौरे पर गया था।

अपने भाई के लापता होने के बाद अरुण ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘विजय का फोन बज रहा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि विजय की पत्नी और छह साल के बेटे की आखिरी बार उनसे पांच फरवरी को बात हुई थी और वह 20 फरवरी को भारत लौटने वाला था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now