देश की खबरें | तीन राज्यों में विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत जनता की राय की अभिव्यक्ति है: धामी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आसन्न जीत को जनता के मूड की अभिव्यक्ति तथा लोगों द्वारा वंशवाद, जाति और तुष्टिकरण की राजनीति के स्थान पर विकास की राजनीति को तरजीह दिया जाना बताया।

देहरादून , तीन दिसंबर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आसन्न जीत को जनता के मूड की अभिव्यक्ति तथा लोगों द्वारा वंशवाद, जाति और तुष्टिकरण की राजनीति के स्थान पर विकास की राजनीति को तरजीह दिया जाना बताया।

मतगणना के नवीनतम रुझानों एवं परिणामों के अनुसार भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है । मध्य प्रदेश में वह सत्ता बरकरार रखने जा रही है, जबकि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में वह कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने जा रही है। तेलंगाना में कांग्रेस भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को हराकर सरकार बनाने की राह पर है।

धामी ने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ लोगों ने अपनी भावना प्रकट की है। उन्होंने वंशवाद, जाति, तुष्टिकरण एवं सनातन विरोध की राजनीति को खारिज कर दिया है। यह दर्शाता है कि भाजपा 2024 में भारी जनादेश के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर सरकार बनाने वाली है। ’’

उससे पहले धामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था, ‘‘ मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में पूरे देश में किये जा रहे सर्वांगीण एवं समावेशी विकास कार्यक्रमों पर विश्वास की अपनी मुहर लगा दी है।’’

उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि तीन राज्यों में ‘‘प्रबल जीत’’ भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के नेतृत्व में करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं इस ऐतिहासिक जीत पर तीनों राज्यों के लोगों तथा करोड़ों परिश्रमी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।’’

धामी और भाजपा की उत्तरांखड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यालय में तीन राज्यों में पार्टी की जीत पर मनाये जा रहे जश्न में भाग लिया।

भट्ट ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री मोदी का विकास का मंत्र और उनकी दृष्टि पर जनता का विश्वास इन जीतों का आधार है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\