देश की खबरें | भाजपा का ‘डबल इंजन’ युवाओं पर ‘डबल अत्याचार’ का प्रतीक बन गया है: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकाारियों पर बल प्रयोग की सोमवार को निंदा की और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘‘डबल इंजन’’ युवाओं पर "डबल अत्याचार" का प्रतीक बन गया है।

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर कांग्रेस ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकाारियों पर बल प्रयोग की सोमवार को निंदा की और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘‘डबल इंजन’’ युवाओं पर "डबल अत्याचार" का प्रतीक बन गया है।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने यह ‘‘अत्याचार’’ पेपर लीक और धांधली को छिपाने के लिए किया है।

बीपीएससी की 13 दिसंबर को हुई परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पटना में विरोध कर रहे प्रदर्शनकाारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने रविवार को पानी की बौछार की और हल्का बल भी प्रयोग किया।

इसके साथ ही जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी के अध्यक्ष समेत 600-700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बीपीएससी अभ्यर्थियों पर बिहार की राजग सरकार द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज व अमानवीय अत्याचार पेपर लीक और धांधली को छिपाने के लिए किया गया है। युवाओं पर तानाशाही का डंडा चलाकर उनके मनोबल को तोड़ने का प्रयास बेहद शर्मनाक व निंदनीय है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वालों ने पूरे देश में पेपर लीक माफिया का जाल बिछा रखा है, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

खरगे ने दावा किया, ‘‘पिछले सात वर्षों में 70 से अधिक पेपर लीक हुए हैं। बीपीएससी परीक्षा में 3.28 लाख युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। जब धांधली पकड़ी जाती हैं तो भाजपा निर्लज्जता से इंकार करती है या युवाओं पर लाठियां बरसाकर उनका मुंह बंद करवाना चाहती है।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बिहार में तीन दिन के अंदर दूसरी बार छात्रों पर अत्याचार किया गया। परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, धांधली, पेपर लीक रोकना सरकार का काम है। लेकिन भ्रष्टाचार रोकने की जगह छात्रों को आवाज उठाने से रोका जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में युवाओं पर पानी की बौछार और लाठी चार्ज करना अमानवीय है।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा का ‘डबल इंजन’ युवाओं पर ‘डबल अत्याचार’ का प्रतीक बन गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\