देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में निकाय चुनावों में भाजपा ने जीत दर्ज की, महापौर के सभी 10 पदों पर कब्जा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब राज्य के अधिकांश नगरीय निकायों के चुनावों में भी जीत हासिल की है।

रायपुर, 15 फरवरी छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब राज्य के अधिकांश नगरीय निकायों के चुनावों में भी जीत हासिल की है।

राज्य में भाजपा ने महापौर के सभी 10 पदों पर जीत हासिल की है।

विपक्षी दल कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनावों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन वह जशपुर जिले के कुनकुरी नगर पंचायत में अध्यक्ष पद जीतने में सफल रही। जशपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गृह जिला है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 10 नगर निगमों, 49 नगरपालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगरीय निकायों के लिए 11 फरवरी को चुनाव हुए थे, जिसमें 72.48 प्रतिशत मतदान हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि मतगणना शनिवार को हुई। नतीजों के अनुसार, भाजपा ने सभी 10 नगर निगमों में महापौर के पद पर जीत हासिल की है। 2019-2020 में हुए पिछले स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने इन सभी सीटों पर कब्जा किया था।

उन्होंने बताया कि राज्य की 49 नगरपालिका परिषदों में अध्यक्ष पद में से भाजपा ने 35, कांग्रेस ने आठ, आम आदमी पार्टी (आप) ने एक, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने पांच सीट पर कब्जा किया। इसी तरह 114 नगर पंचायतों में से 81 में अध्यक्ष पद पर भाजपा विजयी हुई, 22 में कांग्रेस, एक में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और 10 में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए।

भाजपा ने अधिकांश नगर निगम वार्ड जीते हैं। रायपुर नगर निगम में भाजपा ने 70 में से 60 वार्ड जीते, जबकि कांग्रेस सात जीतने में सफल रही। वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन पर जीत हासिल की।

राज्य के प्रतिष्ठित रायपुर नगर निगम में भाजपा की मीनल चौबे ने 3,15,835 वोट हासिल किए। उन्होंने कांग्रेस की दीप्ति दुबे को हराया। दुबे को 1,62,545 वोट मिले। वहीं राजनांदगांव नगर निगम में भाजपा के उम्मीदवार और पूर्व सांसद मधुसूदन यादव (62,517 वोट) ने कांग्रेस के उम्मीदवार निखिल द्विवेदी (21,379 वोट) को 41,148 वोटों के अंतर से हराकर महापौर पद पर जीत हासिल की।

राज्य के उत्तरी क्षेत्र अंबिकापुर नगर निगम में भाजपा की मंजूषा भगत (42,836 वोट) ने कांग्रेस के डॉक्टर अजय तिर्की (31,773 वोट) को 11,063 वोटों के अंतर से हराकर महापौर पद जीता। कांग्रेस के विनयशील गुप्ता ने कुनकुरी नगर पंचायत (जशपुर जिला) में भाजपा के सुबदल राम यादव को 81 वोटों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद जीता। मुख्यमंत्री साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\