देश की खबरें | मंगलुरु में मारे गए विहिप कार्यकर्ता के परिवार को भाजपा 25 लाख रुपये देगी: प्रदेश अध्यक्ष

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मंगलुरु में बेरहमी से मारे गए विश्व हिंदू परिषद् (विहिप) के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी के परिवार को पार्टी की ओर से शुक्रवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

मंगलुरु, दो मई कर्नाटक के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मंगलुरु में बेरहमी से मारे गए विश्व हिंदू परिषद् (विहिप) के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी के परिवार को पार्टी की ओर से शुक्रवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

विजयेंद्र ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करके हत्या की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराने की मांग की।

यहां बृहस्पतिवार को बेरहमी से मारे गये विहिप कार्यकर्ता सुहास शेट्टी के परिवार से मिलने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र आज उनके घर पहुंचे।

उन्होंने पीड़ित के लिए पहले से ज्ञात खतरों के बावजूद सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहने के लिए राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की एवं राज्य के गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने मांग की कि सुहास की हत्या की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

विजयेंद्र ने मीडिया से बातचीत में सवाल किया कि, ''प्रदेश के गृह मंत्री कहां हैं, वह तो प्रदेश के गृह मंत्री बनने के काबिल ही नहीं हैं। जिस प्रकार एक के बाद एक हिंदू कार्यकर्ताओं की निर्मम तरीके से हत्या की जा रही है उसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश के गृह मंत्री को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

उन्होंने सवाल किया कि जब पुलिस को सुहास शेट्टी पर मंडरा रहे खतरे का पता था तो समय रहते उनकी सुरक्षा के लिए क्यों नहीं कदम उठाये?

उन्होंने कहा कि हाल में पहलगांव में आतंकी हमले के बाद राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का बयान सभी ने देखा है और उनके उसी बयान के बाद राष्ट्र विरोधी ताकतों को इस तरह का संबल मिला कि उन्होंने बेरहमी से सुहास की सरेआम हत्या कर दी।

सुहास शेट्टी की बृहस्पतिवार को हुई निर्मम हत्या के बाद मंगलुरु और आसपास के इलाकों में पूरे दिन तनाव व्याप्त रहा जिसके चलते अधिकारियों को दक्षिण कन्नड़ जिले में छह मई तक निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी।

हिंदू संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद का व्यापक असर दिखा और बंद के चलते दुकानें बंद रहीं, बसें सड़कों से नदारद रहीं और कई इलाकों में पथराव की घटनाएं सामने आईं।

इस बीच पुलिस ने इस हत्या के मामले से जुड़ीं तीन गाड़ियां जब्त की हैं। अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किये जाने के कारण दो कार (स्विफ्ट और इनोवा) समेत एक मालवाहक वाहन को जब्त किया गया है। एक कार से हथियार भी बरामद हुए हैं।

बजरंग दल से जुड़े विहिप कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की बृहस्पतिवार रात बाजपे के पास बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

दक्षिण कन्नड़ में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति की निगरानी के लिए तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) आर हितेंद्र ने शुक्रवार को शहर का दौरा किया और कहा कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

, इन्दु

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\