देश की खबरें | भाजपा ने आरएसएस नेता के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में राज्यपाल से हस्तक्षेप का आग्रह किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की और उन्हें आरएसएस नेता के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दर्ज मामलें में हस्तक्षेप करने संबंधी एक ज्ञापन सौंपा।

जयपुर, छह जुलाई भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की और उन्हें आरएसएस नेता के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दर्ज मामलें में हस्तक्षेप करने संबंधी एक ज्ञापन सौंपा।

पार्टी ने राज्यपाल से फाईल मंगाकर उसकी कानूनी जांच करने का आग्रह किया है।

विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता राजेन्द्र राठौड़ ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘राज्य सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिये एक राष्ट्रवादी संगठन की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। कोई शिकायतकर्ता नहीं है और उसके बावजूद मामला दर्ज किया गया और संगठन के नेता का नाम प्राथमिकी में लिखा गया।’’

पार्टी कार्यालय में राठौड़ ने कहा, ‘‘हम राज्यपाल से फाईल मंगवाने की मांग कर रहे हैं और फाईल की कानूनी जांच कर मामले में राज्य सरकार को निर्देशित करने का आग्रह करेंगे।’’ भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में एक ज्ञापन राज्यपाल कलराज मिश्र को सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया, राजसमंद सांसद दीया कुमारी, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी और अन्य नेता भी शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कमीशन को लेकर बातचीत के एक कथित वीडियो प्रकरण में जयपुर ग्रेटर नगर निगम की निलंबित महापौर सौम्या गुर्जर के पति सहित दो लोगों को पिछले मंगलवार को गिरफ्तार किया था। ब्यूरो ने इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है उनमें निम्बाराम का नाम भी शामिल है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) नेता निंबाराम भी वीडियो में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\