देश की खबरें | भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों के मामलों मे वृद्धि के लिए सरकार पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मादक पदार्थों के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए सोमवार को राज्य सरकार पर इस बुराई से निपटने के प्रति गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया।

धर्मशाला/शिमला 17 फरवरी हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मादक पदार्थों के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए सोमवार को राज्य सरकार पर इस बुराई से निपटने के प्रति गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया।

उन्होंने पूर्व में मादक पदार्थों के अधिक मात्रा में सेवन के कारण युवाओं की मृत्यु की रिपोर्ट का उल्लेख किया और बताया कि राज्य विधानसभा ने सुक्खू सरकार के गठन के बाद से 31 जुलाई, 2024 तक मादक पदार्थों से संबंधित 11 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है।

हालांकि, ठाकुर ने दावा किया कि (मौतों की) वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है, क्योंकि सामाजिक कलंक के कारण कई मामले प्रकाश में नहीं आ पाते।

उन्होंने जोर देकर कहा, "मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई निर्णायक और तुरंत शुरू होनी चाहिए।"

ठाकुर ने पिछली भाजपा सरकार में मादक पदार्थों के खिलाफ उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए नशा उन्मूलन के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई और इस मिशन में सरकार को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।

इस बीच ठाकुर के आरोपों के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने कहा कि मौजूदा सरकार मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े और प्रभावी कदम उठा रही है।

शिमला में जारी एक बयान में उन्होंने कहा, "पिछली भाजपा सरकार के विपरीत (जिसने मादक पदार्थों के खतरे के प्रति आंखें मूंद ली थीं) हम सक्रिय रूप से मादक पदार्थ माफिया पर नकेल कस रहे हैं और राज्य पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय करके सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि हाल ही में मंत्रिमंडल ने मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए विशेष कार्यबल के गठन को मंजूरी दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\