देश की खबरें | भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी की; पुराने नेता, स्थानीय फिल्म स्टार और पूर्व आईएएस अधिकारियों पर भरोसा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी

रायपुर, नौ अक्टूबर छत्तीसगढ़ के विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को 64 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिसमें पार्टी के तीन सांसद और 11 विधायक शामिल हैं ।

भाजपा ने इस सूची में बिरनपुर सांप्रदयिक हिंसा में मारे गए भुनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को भी चुनाव मैदान में उतारा है।

पार्टी ने सूची में 2018 के विधानसभा चुनाव में हारे हुए 13 नेताओं को फिर से जगह दी है।

चुनाव आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के कुछ घंटों बाद भाजपा ने सोमवार को 64 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। नक्सल प्रभावित राज्य में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात नवंबर (20 सीटें) और 17 नवंबर (70 सीटें) को दो चरणों में मतदान होगा।

इसके साथ ही भाजपा ने अब तक 85 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। अब केवल पांच उम्मीदवारों के नाम शेष है।

सूची के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह अपनी पारंपरिक राजनांदगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि विधानसभा में विपक्ष के नेता नारायण प्रसाद चंदेल को उनकी वर्तमान सीट जांजगीर-चांपा से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।

हाल ही में भाजपा में शामिल हुए लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी फिल्म स्टार अनुज शर्मा को रायपुर जिले के धरसीवा से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में इस साल अप्रैल में सांप्रदायिक झड़प में एक युवक की मौत हो गई थी। उसके पिता ईश्वर साहू का नाम भी उम्मीदवारों की सूची में है।

राज्य के मुख्य विपक्षी दल ने मौजूदा विधायक डमरूधर पुजारी की टिकट काट दी है तथा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक धमरजीत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है, सिंह हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं।

एक केंद्रीय मंत्री सहित तीन सांसद और दो पूर्व आईएएस अधिकारी भी इस सूची में शामिल हैं, जिसमें 20 से अधिक नए चेहरे और नौ महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।

भाजपा ने जिन 64 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें से 19 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) और नौ सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बिलासपुर से सांसद अरुण साव को लोरमी से, सरगुजा से सांसद और केंद्रीय जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रेणुका सिंह को भरतपुर-सोनहत (एसटी आरक्षित) से और रायगढ़ से लोकसभा सदस्य गोमती साय को पत्थलगांव (एसटी) से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

पार्टी ने इसके साथ ही विधायक बृजमोहन अग्रवाल (रायपुर दक्षिण), पुन्नूलाल मोहले (मुंगेली-एससी), ननकीराम कंवर (रामपुर-एसटी), धरमलाल कौशिक (बिल्हा), डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी (मस्तूरी-एससी), सौरभ सिंह (अकलतरा), शिवरतन शर्मा (भाटापारा), अजय चंद्राकर (कुरुद) और रंजना दीपेंद्र साहू (धमतरी) को फिर से चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\