देश की खबरें | भाजपा विधायक राजा सिंह ने धमकी मिलने का दावा किया; केंद्रीय गृह मंत्री को लिखा पत्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक टी. राजा सिंह ने बुधवार को दावा किया कि उन्हें धमकी भरी कॉल मिली हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है।
हैदराबाद, 29 मई तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक टी. राजा सिंह ने बुधवार को दावा किया कि उन्हें धमकी भरी कॉल मिली हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है।
पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राजा ने कहा कि उन्होंने कॉल करने वाले एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का फोन नंबर दे दिया है क्योंकि मुख्यमंत्री के फोन पर धमकी भरे कॉल आने पर बृहद पैमाने पर जांच होगी।
राजा सिंह ने एक वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें बुधवार सुबह से ‘लगातार’ अलग-अलग देशों के फोन नंबर से धमकी भरी कॉल आ रही हैं।
गोशामहल से विधायक राजा सिंह ने दावा किया कि एक व्यक्ति ने व्हाट्सऐप से फोन किया, जिस पर फलस्तीन से जुड़ी तस्वीर लगी थी। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले ने कहा कि वह पाकिस्तान से कॉल कर रहा है।
राजा सिंह ने दावा किया कि जब भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव मुख्यमंत्री थे तब भी उन्हें धमकी भरे फोन आए थे और उस समय भी पुलिस ने शिकायत करने पर जांच नहीं की थी।
कॉल करने वालों में से एक ने धमकी दी थी कि राजा सिंह द्वारा एक से अधिक नंबर इस्तेमाल करने पर भी कॉल जारी रहेगी।
राजा सिंह ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजा, जिसकी एक प्रतिलिपि तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक को भी भेजी गई।
पत्र में उन्होंने ‘‘इस खतरे से निपटने के लिए उपयुक्त प्राधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की खातिर तत्काल हस्तक्षेप’ की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)