देश की खबरें | भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की मां को श्रद्धांजलि अर्पित की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शुक्रवार को शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
नयी दिल्ली, 30 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शुक्रवार को शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हीराबेन ने अहमदाबाद के एक अस्पताल में शुक्रवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे अंतिम सांस ली। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्नीय माताजी हीरा बा के निधन की खबर जानकर बहुत दुख हुआ। किसी व्यक्ति के जीवन में मां पहली मित्र और अध्यापक होती है, जिसका चले जाना निसंदेह दुनिया में सबसे बड़ा दुख है।’’
उन्होंने लिखा कि परिवार के पालन पोषण के लिए हीरा बा ने जिन संघर्षों का सामना किया, वह सभी के लिए एक आदर्श है।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘ उनका त्यागमय, तपस्वी का जीवन हमेशा हमारी स्मृतियों में रहेगा। पूरा राष्ट्र दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के साथ खड़ा है।’’
हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मां का जाना जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा कर देता है जिसे भरना असंभव है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मां, हीरा बा के निधन से मुझे बहुत दुख हुआ। मां का निधन जीवन में एक ऐसा शून्य पैदा कर देता है जिसे भरना असंभव है। मैं दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं ।’’
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि संघर्षों से भरे मुश्किल जीवन में हीराबेन ने अपने परिवार को ऐसे मूल्य दिए जिनसे देश को मोदी जैसा नेता मिला।
उन्होंने कहा कि हीराबेन की सादगी और ममता से ओतप्रोत छवि हमेशा हम सब के मन में रहेगी।
हीराबेन को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार को सुबह अहमदाबाद के ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल ने अपने बुलेटिन में बताया कि हीराबेन मोदी का यू एन मेहता हार्ट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 30 दिसंबर 2012 को तड़के करीब साढ़े तीन बजे निधन हो गया।
नरेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)