नयी दिल्ली, 25 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताया और उन्हें भारतीय राजनीति का बड़ी हस्ती करार देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में उनके योगदान की सराहना की।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उनके निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, "वह एक बड़ी राजनीतिक हस्ती थे, जिनका पंजाब के विकास में बहुत योगदान है और इसे हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"
रक्षा मंत्री राजनथ सिंह ने एक ट्वीट में कहा, "प्रकाश सिंह बादल एक राजनीतिक पुरोधा थे जिन्होंने कई दशकों तक पंजाब की राजनीति में अहम भूमिका का निर्वाह किया।"
उन्होंने कहा कि बादल ने अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यकाल में किसानों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कई उल्लेखनीय कार्यों के जरिये योगदान दिया।
सिंह ने कहा, "बादल साहब धरती पुत्र थे जो जीवन पर्यन्त अपनी जड़ों से जुड़े रहे। कई अवसरों पर उनसे हुए संवाद मुझे आज भी याद हैं। उनके निधन से गहरा सदमा लगा है। उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"
बादल (95) का मंगलवार को मोहाली में निधन हो गया। वह एक निजी अस्पताल में भर्ती थे।
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "बादल जी का जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। देश की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बादल जी से मेरे स्नेह पूर्ण संबंध रहे हैं, मुझे हमेशा ही उनसे स्नेह मिला है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे।"
उल्लेखनीय है कि अकाली दल, भाजपा के सबसे पुराने सहयोगियों में रहा है। हालांकि केंद्र सरकार के विवादास्पद कृषि कानूनों के विरोध में वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग हो गया था। बाद में सरकार को ये कानून वापस लेने पड़े थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY