देश की खबरें | भाजपा कांग्रेस की तुलना में मुसलमानों के लिए ज्यादा काम कर रही है: हिमंत विश्व शर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार मुसलमानों के कल्याण के लिए पिछली कांग्रेस सरकारों की तुलना में ज्यादा काम कर रही है।
गुवाहाटी, 10 सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार मुसलमानों के कल्याण के लिए पिछली कांग्रेस सरकारों की तुलना में ज्यादा काम कर रही है।
शर्मा ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस मुस्लिम समुदाय को सिर्फ ‘वोट बैंक’ मानती है जबकि भाजपा उन्हें, खासकर, महिलाओं को शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए काम कर रही है।
भाजपा के महिला मोर्चे की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन पर शर्मा ने कहा, “ कुछ लोग कहते हैं कि हम मुस्लिम विरोधी हैं। लेकिन मेरे ख्याल से बहु विवाह, (तीन) तलाक, बाल विवाह को रोककर हम मुसलमानों के लिए किसी भी कांग्रेस सरकार की तुलना में अधिक काम कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि असम सरकार बहुविवाह पर रोक लगाने के लिए दिसंबर तक एक कानून लाएगी, जबकि बाल विवाह पर तीव्र कार्रवाई का एक और दौर कुछ दिनों में शुरू किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि इस साल फरवरी में बाल विवाह के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के पहले दौर में पांच हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था और इसे जी20 शिखर सम्मेलन के पूरा होने तक रोक दिया गया था।
शर्मा ने कहा कि कई इस्लामी देशों ने "बुरी प्रथाओं" को समाप्त कर दिया है और उन्होंने आरोप लगाया कि जब "हमारा देश ऐसा कोई कदम उठाता है, तो (कांग्रेस नेता) राहुल और सोनिया गांधी इसे अल्पसंख्यकों के खिलाफ कदम बताते हैं।”
सनातन धर्म पर तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की हालिया टिप्पणियों का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म जातिवाद का समर्थन नहीं करता और जातिवाद के अंतिम प्रतीकों को भी खत्म किया जा रहा है।
उन्होंने स्टालिन के "दूसरे धर्म" को खत्म करने का आह्वान नहीं करने पर सवाल उठाया जो महिलाओं के खिलाफ भेदभाव करता है और पुरुषों को कई शादी करने की अनुमति देता है।
शर्मा ने कहा, “ मैंने उनसे कहा: हिंदू धर्म, इस्लाम, ईसाई धर्म को खत्म करने के बारे में मत बोलो... बल्कि हिंदू धर्म में जातिवाद और इस्लाम में बहुविवाह और (तीन) तलाक को खत्म करो।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)