ताजा खबरें | पाकिस्तान से हवाला के पैसों पर व्यापार खड़ा करने वाले नेताओं की पार्टी के समर्थन में भाजपा : महबूबा
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने 'अपनी पार्टी' के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में एक ऐसी पार्टी का समर्थन कर रही है, जो कश्मीर में आतंकवाद वित्त पोषण के लिए पाकिस्तान से हवाला के जरिये रुपये प्राप्त करने में संलिप्त है।
पुंछ/जम्मू, 22 मई पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने 'अपनी पार्टी' के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में एक ऐसी पार्टी का समर्थन कर रही है, जो कश्मीर में आतंकवाद वित्त पोषण के लिए पाकिस्तान से हवाला के जरिये रुपये प्राप्त करने में संलिप्त है।
पीडीपी के पूर्व नेता बुखारी को जनवरी 2019 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। अपनी पार्टी ने अनंतनाग-राजौरी संसदीय सीट से जफर इकबाल खान मन्हास को चुनावी मैदान में उतार है, जिनका मुकाबला महबूबा और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेता मियां अल्ताफ से है।
आम चुनाव के छठे चरण में 25 मई को इस सीट पर मतदान होगा। इन तीन नेताओं के अलावा 17 अन्य उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
पीडीपी अध्यक्ष ने पुंछ जिले में संवाददाताओं से कहा, ''पहलगाम में पर्यटकों पर अपनी तरह के पहली बार हुए हमले की जांच एक ऐसी पार्टी की भूमिका को ध्यान में रखकर की जानी चाहिए, जो आतंकवाद वित्तपोषण (कश्मीर में) के लिए पाकिस्तान से भारी मात्रा में हवाला का पैसा लेकर आई है।''
पहलगाम में राजस्थान से आए पर्यटक दंपत्ति पर शनिवार रात को हमला हुआ था, जिसमें वे घायल हो गये थे।
उन्होंने कहा, ''मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहती लेकिन अगर आप ढूंढने का प्रयास करेंगे तो आपको पता चल जाएगा कि आतंकियों और (अलगाववादी) नेताओं को पैसे पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है। यह संपर्क अब भी बरकरार हैं और वे उन संपर्कों का उपयोग कर कश्मीर में कम मतदान प्रतिशत करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। ''
महबूबा प्रत्यक्ष तौर पर बुखारी के संदर्भ में कह रही थीं, जो 2015 से 2018 में जम्मू-कश्मीर में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में मंत्री रहे थे। उन्होंने पीडीपी की टिकट पर 2014 में विधानसभा चुनाव जीता था। बुखारी ने मार्च 2020 में 31 पूर्व विधायकों के साथ अपनी पार्टी की स्थापना की थी, जिनमें से ज्यादातर पीडीपी के नेता थे।
महबूबा ने आरोप लगाया, ''मुझे हैरानी है कि खुद को राष्ट्रवादी बताने वाली भाजपा एक ऐसी पार्टी का समर्थन कर रही है, जो हवाला वित्तपोषण में संलिप्त है और रक्तपात में उसकी प्रत्यक्ष भूमिका है। आंतकवाद के लिए पाकिस्तान से प्राप्त रुपयों का इस्तेमाल व्यापार खड़ा करने के लिए किया जाता है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)