देश की खबरें | भाजपा सरकार के बहीखाते में दिखाने के लिए कुछ नहीं, इसलिए खड़े कर रही है विवाद: खेड़ा

जयपुर, 12 सितंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार हर दिन नए विवाद खड़े कर रही है क्योंकि उसके पास अपने बही-खाते में दिखाने के लिए कुछ नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिस सरकार के पास दिखाने के लिए कुछ होता है वह अपने बही खाते सार्वजनिक करने में संकोच नहीं करती।

खेड़ा ने दावा किया मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने समाज के हर वर्ग को प्रभावित किया है क्योंकि उसने चुनाव घोषणा पत्र में किए गए 94 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं।

खेड़ा ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा, “लोकतंत्र में सरकारों को समय-समय पर अपने बही खाता साझा करते रहना चाहिए। जिस सरकार के बही खाते में कुछ होता है वह घबराती नहीं और अपने बही-खाता सार्वजनिक करती है। और जिसके पास दिखाने को कुछ नहीं होता वह रोज नए विवाद पैदा करती है जैसा कि आपको केंद्र सरकार में होता हुआ दिख रहा है।”

उन्होंने कहा, "रोज नई लड़ाई... रोज नया विवाद। वो क्यों कर रहे हैं? रोज नया शगूफा क्यों छोड़ते हैं? क्योंकि बही-खाता सार्वजनिक करने की हिम्मत नहीं है, क्षमता नहीं है, नीयत नहीं है और दिखाने को कुछ है भी नहीं।”

खेड़ा ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार गर्व से कह सकती है कि उसने कोरोना महामारी और उसके बाद के आर्थिक हालात के बावजूद 2018 के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों में से 94% काम पूरे कर लिए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार ने हर वर्ग के दिल को छुआ है और उनके लिए जुनून से काम किया है।

खेड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किये गये कार्यों को स्वीकार करना और बहस के लिए आना भाजपा के लिए एक चुनौती है।

खेड़ा ने कहा, “भाजपा का 'दूल्हा' कौन है, यह पता नहीं है। इस चुनाव में जितने भी दूल्हें हैं, बाराती हैं उन सब को चुनौती देते हैं वे आ जाएं या किसी एक को भेज दें हम अपना बही-खाता दिखाने को तैयार हैं बहस को तैयार हैं। वे इस चुनौती को स्वीकार करते हैं या नहीं अब इस का इंतजार है।”

उन्होंने कहा, “नौजवान हों, किसान हों, बुजुर्ग हों, कोई ऐसा वर्ग नहीं दिखेगा जिसे अशोक गहलोत सरकार ने छुआ नहीं हुआ। इस सरकार का सबसे महत्वपूर्ण शब्द 'राहत'।”

उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि कांग्रेस ने एक ऐसी सरकार दी है जो अपने लोगों की बात सुनती है, नीतियां बनाती है और राहत प्रदान करती है।

पृथ्वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)