देश की खबरें | भाजपा ने पेगासस विवाद को लेकर विरोधियों पर पलटवार के लिये वरिष्ठ नेताओं के मैदान में उतारा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा ने पेगासस स्पाईवेयर मुद्दे पर विपक्ष के हमलों पर पलटवार के लिए मंगलवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित देश भर में अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार दिया।

नयी दिल्ली, 20 जुलाई भाजपा ने पेगासस स्पाईवेयर मुद्दे पर विपक्ष के हमलों पर पलटवार के लिए मंगलवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित देश भर में अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार दिया।

योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा), शिवराज सिंह चौहान (मध्य प्रदेश), हिमंत बिस्वा सरमा (असम), विजय रूपाणी (गुजरात), जय राम ठाकुर (हिमाचल प्रदेश) और पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड) भाजपा के उन मुख्यमंत्रियों में शामिल रहे, जिन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए, जासूसी विवाद पर मोदी सरकार की खिंचाई करने वाली कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर पलटवार किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों और प्रतिपक्ष के नेताओं समेत वरिष्ठ नेताओं ने भी विपक्ष पर निशाना साधा।

एक ओर जहां विपक्ष ने मंगलवार को इस मुद्दे पर लोकसभा की कार्यवाही बाधित की तो वहीं दूसरी ओर भाजपा ने आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। भाजपा ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय ताकतों के साथ मिलकर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है।

भारत में राजनेताओं, पत्रकारों और अन्य लोगों की जासूसी करने के लिए पेगासस स्पाइवेयर के इस्तेमाल का आरोप लगाने वाले विपक्षी दल कांग्रेस और अंतरराष्ट्रीय संगठनों पर निशाना साधते हुए शाह ने सोमवार को कहा था कि ऐसी ‘‘अवरोधक’’ और ‘‘विघटनकारी’’ ताकतें अपनी साजिशों से भारत को विकास की पटरी से नहीं उतार पाएंगी।

दरअसल, मीडिया घरानों के वैश्विक संघ की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद विवाद पैदा गया है, जिसमें दावा किया गया है कि भारत सहित कई देशों में कार्यकर्ताओं, राजनेताओं, न्यायाधीशों और पत्रकारों की संभावित जासूसी के लिए इजरायली स्पाइवेयर पेगासस का इस्तेमाल किया गया है।

विपक्ष जहां इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अपनाए हुए, वहीं सरकार ने पूरे मामले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\