देश की खबरें | भाजपा ने पंजाब में अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ गठबंधन का एलान किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पंजाब विधानसभा का चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ने की शुक्रवार को औपचारिक घोषणा की।

नयी दिल्ली, 17 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पंजाब विधानसभा का चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ने की शुक्रवार को औपचारिक घोषणा की।

सिंह ने इस घोषणा से पहले केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की।

मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने गठबंधन का औपचारिक एलान किया।

सिंह के साथ संवाददाताओं से बातचीत में शेखावत ने कहा, ‘‘आज मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भाजपा और अमरिंदर सिंह पंजाब चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे। हम साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’

शेखावत ने कहा कि उपयुक्त समय पर सीटों के तालमेल के बारे में घोषणा की जाएगी।

सिंह ने कहा, ‘‘हमारा गठबंधन निश्चित तौर पर...101 प्रतिशत चुनाव जीतेगा। सीटों का तालमेल जीत की संभावना के हिसाब से तय किया जाएगा।’’

कुछ दिनों पहले ही शेखावत ने चंडीगढ़ में भी सिंह से मुलाकात की थी।

ज्ञात हो कि पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन कर लिया था।

भाजपा का शिरोमणि अकाली दल से बहुत पुराना गठबंधन था, लेकिन केंद्र के तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now