देश की खबरें | गुजरात में है भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत: अरविंद केजरीवाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भरोसा जताया कि लोग 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को सत्ता में लाएंगे।

अहमदाबाद, दो जुलाई गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भरोसा जताया कि लोग 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को सत्ता में लाएंगे।

हाल में राज्य में विसावदर विधानसभा उपचुनाव में आप नेता गोपाल इटालिया की जीत से उत्साहित दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि अतीत के विपरीत, लोगों के पास आम आदमी पार्टी के रूप में एक विकल्प है।

वह गुजरात में अपनी पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद यहां बोल रहे थे। इस अभियान का उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का जनाधार बढ़ाना और ‘बूथ (मतदान केंद्र)’ स्तर के संगठन को मजबूत करना है।

केजरीवाल ने कहा कि यह महज संयोग नहीं है कि इटालिया की जीत का अंतर 2022 में इस सीट से जीतने वाले पिछले आप विधायक से तीन गुना अधिक था।

केजरीवाल ने कहा,‘‘अक्सर देखा जाता है कि सत्ता में रहने वाली पार्टी उपचुनाव जीत जाती है। भाजपा ने (भी) हर संभव कोशिश की, लेकिन गोपाल इटालिया विजयी हुए। मेरा मानना ​​है कि यह भगवान का संदेश है। भगवान हम सभी से कुछ कहना चाह रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने गुजरात पर 30 साल तक शासन किया और भाजपा ने 30 साल (1995 से) शासन किया। अब समय का पहिया घूम गया है और भाजपा के जाने का समय आ गया है। 2027 में एक नई पार्टी सत्ता में आएगी, जो ईमानदार और देशभक्त होगी। आप सत्ता में आएगी और लोगों के लिए काम करेगी।’’

आप सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा अच्छी सड़कें जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रही है।

गुजरात के कुछ जिलों में मनरेगा घोटाले में हाल में हुई गिरफ्तारियों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस ने केवल भाजपा के इशारे पर काम किया।

उन्होंने आरोप लगाया,‘‘वे (भाजपा) 30 साल तक कैसे राज कर पाए? क्योंकि कांग्रेस उनकी जेब में है। भाजपा नेता अहंकारी हो गए हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि गुजरात के लोगों के पास उन्हें वोट देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। दोनों पार्टियों के नेता आपस में मिलकर काम करते हैं।’’

केजरीवाल ने दावा किया कि 70 प्रतिशत सरकारी ठेके भाजपा के करीबियों को मिलते हैं, जबकि शेष 30 प्रतिशत ठेके कांग्रेस के करीबियों को दिए जाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों पार्टियों के नेताओं ने अपनी-अपनी कंपनियां शुरू कर दी हैं। नतीजतन, न तो भाजपा और न ही कांग्रेस के नेता कभी जेल जाते हैं। दोनों को एक साथ ठेके मिलते हैं। कांग्रेस केवल भाजपा के लिए काम करती है।’’

केजरीवाल ने कहा,‘‘30 साल तक जनता के पास कोई विकल्प नहीं था। अब विकल्प आम आदमी पार्टी है। विसावदर उपचुनाव सेमीफाइनल था। 2027 में हमारी पार्टी सरकार बनाएगी...भ्रष्ट लोगों का राज खत्म होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\