देश की खबरें | भाजपा ने माकपा पर केरल के कन्नूर में शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील कन्नूर जिले में एक बम धमाके में 86 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद, केरल में सत्तारूढ़ दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर बुधवार को निशाना साधा और संदेह जताया कि माकपा नेतृत्व क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल को जानबूझकर बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
तिरुवनंतपुरम, 19 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील कन्नूर जिले में एक बम धमाके में 86 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद, केरल में सत्तारूढ़ दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर बुधवार को निशाना साधा और संदेह जताया कि माकपा नेतृत्व क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल को जानबूझकर बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को जिले में थलस्सेरी के समीप 86 वर्षीय वेलायुधन एक वीरान स्थान से नारियल लाने गये थे और जब उन्होंने वहां पड़े एक बम को उठाकर खोलने का प्रयास किया तब उसमें धमाका हो गया और उनकी जान चली गयी।
भाजपा ने आरोप लगाया कि हालिया लोकसभा चुनाव में माकपा को झटका लगने से वाम दल में जो संकट उत्पन्न हुआ है, उससे उबरने के लिए वह तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने कहा कि जिस स्थान पर बम धमाका हुआ है, वहां कई असामाजिक गतिविधियां होने की खबर है तथा वाम दल का नेतृत्व इन बातों से वाकिफ है।
बुजुर्ग की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धमाका उसी जगह पर हुआ जहां मादक पदार्थ का अवैध व्यापार एवं अन्य अवैध गतिविधियां होती थीं।
उन्होंने बताया कि माकपा के नेताओं को भलीभांति मालूम है कि वहां बम बनाये जाते हैं।
सुरेंद्रन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘ चुनाव के समय कन्नूर में एक बम धमाके में एक बुजुर्ग की मौत तथा पनूर में एक माकपा कार्यकर्ता की हत्या की गहन जांच करायी जानी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि बम धमाके जैसी घटनाएं इस संदेह को बल देती हैं कि माकपा नेतृत्व कन्नूर के शांतिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
कन्नूर जिले में एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि प्राथमिक जांच के अनुसार ऐसा लगता है कि यह देशी बम था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)