देश की खबरें | बिहार विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, दो अन्य को मैदान में उतारा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधान परिषद की 11 सीट के द्विवार्षिक चुनाव लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय के अलावा दो नए चेहरों-- अनामिका सिंह और लाल मोहन गुप्ता को मैदान में उतारा है।

पटना, नौ मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधान परिषद की 11 सीट के द्विवार्षिक चुनाव लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय के अलावा दो नए चेहरों-- अनामिका सिंह और लाल मोहन गुप्ता को मैदान में उतारा है।

लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए चुनावी मैदान में उतारे गए पांडेय ब्राह्मण समुदाय से हैं जबकि पार्टी की महिला इकाई से सक्रिय रूप से जुड़ी अनामिका सिंह राजपूत समुदाय से हैं। लाल मोहन गुप्ता अत्यंत पिछड़ा वर्ग से हैं। ऐसा लगता है कि तीनों की उम्मीदवारी में जाति और लिंग जैसे कारकों पर सावधानीपूर्वक विचार किया गया है।

पांडेय ने 2013 से 2016 तक पार्टी की प्रदेश इकाई का नेतृत्व किया था और 2017 से 2022 तक नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विभाग संभाला था।

इस महीने के अंत में उच्च सदन की 11 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं, जिसमें मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रमुख नीतीश कुमार की सीट भी शामिल है।

भाजपा के सहयोगी कुमार ने कुछ दिन पहले जदयू के विधानपरिषद सदस्य खालिद अनवर के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था । अनवर को लगातार दूसरी बार पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।

विधानसभा में अपनी संख्या कम होने के कारण, जदयू ने अपने पास मौजूद दो सीट पर अपना दावा छोड़ दिया है। इनमें से एक सीट संजय कुमार झा के पास थी, जो राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं।

भाजपा के पास 11 में से तीन सीट थीं और विधानसभा में उसकी मौजूदा ताकत के आधार पर इस बार वह आराम से चार सीट जीतने की स्थिति में थी।

हालांकि भाजपा ने मंत्री संतोष सुमन को समर्थन देने का फैसला किया, जिनके हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के पास केवल चार विधायक हैं।

पार्टी ने पांडेय को दोबारा चुनाव लड़ने का मौका देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन और संजय पासवान को इससे वंचित कर दिया है।

भाजपा उम्मीदवारों द्वारा सोमवार 11 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना है। उस दिन नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अन्य लोगों में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, अब्दुल बारी सिद्दीकी और सैयद फैसल अली (सभी राजद) और भाकपा माले की शशि यादव शामिल हैं।

अनवर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\