देश की खबरें | बिहार विधानसभा चुनाव : जदयू ने 115 उम्मीदवारों की सूची जारी की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पटना, सात अक्टूबर बिहार विधानसभा चुनाव के लिये नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने बुधवार को 115 उम्मीदवारों की सूची जारी की ।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में बिहार विधानसभा चुनावों के लिए जदयू को 122 सीटें मिली हैं। उन्होंने कहा ‘‘इसमें से 115 सीट पर जदयू और सात सीटों पर सहयोगी जीतन राम मांझी की हम पार्टी चुनाव लड़ रही है।’’

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3561 नए केस, 47 की मौत: 7 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी ने 115 प्रत्याशियों की सूची जारी की है जिसमें सभी समाजों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है और हमारे संकल्प के अनुसार इसमें महिलाओं को विशेष जगह दी गई है।’’

सिंह ने कहा ‘‘ हम चुनाव गठबंधन के साथ लड़ रहे हैं तथा सेवा भाव ले कर लोगों के बीच जा रहे हैं। ’’

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections 2020: चुनाव से पहले BJP को तीसरा बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता रामेश्वर चौरसिया LJP में शामिल.

उन्होंने कहा कि जदयू सरकार की प्राथमिकता सभी वर्ग और समुदाय को साथ लेकर चलने की तथा पिछड़ों को आगे ले कर आने की है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा, ‘‘ हम वादों पर नहीं बल्कि अपने काम के आधार पर वोट मांगते हैं। हमें विश्वास है कि हम सेवा और अपने कार्यों के दम पर भारी मतों से जीतेंगे ।’’

सिंह ने कहा कि किसी भी सरकार ने पर्यावरण को एजेंडे में रखने पर विचार नहीं किया ‘‘लेकिन हमने बिहार में वह कर दिखाया है।’’

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही बिहार विधानसभा चुनाव के लिये राजग में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया गया था जिसके तहत भाजपा को 121 सीटें मिली जबकि जद(यू) के हिस्से में 122 सीटें आईं ।

जद(यू) ने अपने खाते से जीतनराम मांझी की 'हम' पार्टी को सात सीटें दी हैं। वहीं, भाजपा ने वीआईपी पार्टी को राजग में अपने कोटे की 121 सीटों में से 11 सीटें देने की घोषणा की ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)